Sheikhpura Crime: बरबीघा रेलवे स्टेशन के पास मिली 50 वर्षीय व्यक्ति का नग्न शव! इलाके में फैली सनसनी

Sheikhpura Crime: शेखपुरा जिले के बरबीघा रेलवे स्टेशन के पास एक खेत में करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का नग्न शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Sheikhpura Crime: शेखपुरा जिले के बरबीघा में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब बरबीघा रेलवे स्टेशन से करीब 200 मीटर पश्चिम एक खेत में नग्न अवस्था में एक व्यक्ति का शव मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और घटनास्थल पर भीड़ लग गई।

जानकारी के अनुसार, नारायणपुर गांव के कुछ युवक सुबह टहलने के लिए रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में पड़े एक नग्न शव पर पड़ी। शव देखते ही उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में यह खबर पूरे इलाके में फैल गई और सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 और बरबीघा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद बरबीघा थानाध्यक्ष गौरव कुमार, अंचल निरीक्षक ब्रजेश कुमार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी।

नींबू बेचने का काम करता था मृतका

शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि मृतक थाना चौक के आसपास ठेले पर नींबू बेचने का काम करता था। हालांकि वह कहां का रहने वाला था और उसकी पूरी पहचान क्या है, इस बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेखपुरा सदर अस्पताल भेज दिया है। थानाध्यक्ष गौरव कुमार ने बताया कि जब तक मृतक की पहचान नहीं हो जाती, तब तक शव को अस्पताल में सुरक्षित रखा जाएगा।

घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं

घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं, जबकि कुछ लोग अन्य कारणों की भी चर्चा कर रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस को मृतक के शव के पास से एक माला भी मिली है। बताया जा रहा है कि माला में लगा सोने का लॉकेट गायब था। इस कारण लूटपाट या अन्य किसी वजह से घटना होने की संभावना को भी जांच के दायरे में रखा गया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

मृतक को है छः बच्चे

मृतक सुरेंद्र केवट को तीन बेटी और तीन बेटा मिलाकर कुल छः बच्चे हैं. इसमें से एक बेटा और एक बेटी की शादी हो चुकी है.बाकी दो बेटे मानसिक और शारीरिक रूप से दिव्यांग है. जबकि दो अन्य बेटियों की शादी करनी बाकी थी. सुरेंद्र केवट के परिजन ने बताया कि नींबू बेचकर ही वह पूरे परिवार का भरण पोषण कर रहे थे. परिवार में कमाने वाला सुरेंद्र केवल एकलौता आदमी था.कथित तौर पर उसकी की हत्या के बाद पूरा परिवार सड़क पर आ गया है.परिजन हथियारों को जल्द से जल्द पकड़ने और परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं.

लेनदेन से जुड़े रहे हत्या के तार

मृतक सुरेंद्र केवट की बड़े बेटे संदीप केवट की पत्नी अंजली देवी ने बताया कि 2 साल पूर्व मृतक ने बरबीघा थाना चौक पर हर एक माल की दुकान चलाने वाले संतोष कुमार नामक व्यक्ति से ₹50000 कर्ज लिया था. 50000 के बदले संतोष कुमार मृतक से ₹200000 की मांग कर रहा था. पैसा मांगने के लिए वह बिहार शरीफ स्थित मृतक के घर पर भी कई बार गया था. पैसा नहीं देने पर घर लिखवा लेने की धमकी भी दे रहा था. अंजली देवी ने आशंका जाहिर किया है कि हो ना हो पैसों के लेनदेन में ही सुरेंद्र केवट की हत्या की गई है.

संतोष कुमार के पास पाया गया आधार और पैन कार्ड

मृतक के परिजनों ने बताया कि सुरेंद्र केवट का आधार और पैन कार्ड भी संतोष कुमार रखे हुए था. घटना के काफी देर के बाद संतोष कुमार के द्वारा आधार कार्ड और पैन कार्ड को थाने में जमा किया गया है. उधर इस पूरे मामले पर थाना अध्यक्ष का कहना है कि पुलिस घटना के सभी संभावित बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है. जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर हत्यारो को जेल भेजा जाएगा.

शेखपुरा से उमेश विजय की रिपोर्ट