Bihar News:बरबीघा रेलवे स्टेशन के पास खेत में मिली नग्न लाश, इलाके में सनसनी, हत्या की आशंका पर पुलिस की गहन तफ्तीश

Bihar News: बरबीघा रेलवे स्टेशन से करीब 200 मीटर पश्चिम खेत में लाश मिलने से हड़कंप मच गया....

खेत में मिली नग्न लाश- फोटो : reporter

Bihar News: शेखपुरा जिले के बरबीघा में मंगलवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब रेलवे स्टेशन के पश्चिम स्थित एक खेत से एक अधेड़ व्यक्ति का नग्न शव बरामद हुआ। बरबीघा रेलवे स्टेशन से करीब 200 मीटर पश्चिम खेत में पड़ी लाश मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार, नारायणपुर गांव के कुछ युवक सुबह टहलने के लिए रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में नग्न अवस्था में पड़े एक शव पर पड़ी। यह दृश्य देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया और खबर आग की तरह फैल गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 और बरबीघा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।सूचना मिलते ही बरबीघा थानाध्यक्ष गौरव कुमार तथा अंचल निरीक्षक ब्रजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को कब्जे में लिया और आसपास से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि मृतक थाना चौक के आसपास ठेले पर घूम-घूमकर नींबू बेचने का काम करता था। हालांकि वह किस गांव या जिले का रहने वाला था, इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल सकी है। मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष बताई जा रही है।थानाध्यक्ष गौरव कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए शेखपुरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। जब तक मृतक की पहचान नहीं हो जाती, तब तक शव को अस्पताल में सुरक्षित रखा जाएगा।

घटनास्थल से एक माला बरामद हुई है, लेकिन उसमें लगा सोने का लॉकेट गायब पाया गया है। इसी वजह से हत्या, लूटपाट या अन्य आपराधिक एंगल से भी पुलिस तहकीकात कर रही है। वहीं स्थानीय लोग अवैध संबंध सहित कई तरह की आशंकाएं जता रहे हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।

रिपोर्ट- उमेश कुमार