बिहार पुलिस ने फिर से किया एनकाउंटर, सीएसपी लूटकांड के मास्टरमाइंड को लगी गोली, हथियारों के साथ 4 गिरफ्तार

सीएसपी केंद्र बंद कर घर लौट रहे संचालक से लूट की वारदात को अंजाम देने वाली कथित आरोपियों पर सीतामढ़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है और एक का एनकाउंटर किया है

Police Encounter in Sitamarhi - फोटो : news4nation

Police Encounter :  बिहार के सीतामढ़ी जिले में सीएसपी संचालक से हुई लूटकांड के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लूटकांड के मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली मारकर घायल कर दिया, जबकि उसके चार साथियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार, कारतूस और लूटी गई बाइक भी बरामद की है।


यह घटना रीगा थाना क्षेत्र के रेवासी इलाके की बताई जा रही है। सीतामढ़ी पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले रीगा थाना क्षेत्र के अन्हारी गांव में सीएसपी केंद्र बंद कर घर लौट रहे संचालक से लूट की वारदात हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित रंजन ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था। इसी बीच नगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि हुसैना पुल के समीप कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की, जिसमें चार आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, गिरोह का मुख्य आरोपी सफेद रंग की अपाचे बाइक से फरार हो गया।


पुलिस ने तत्काल आसपास के थानों को सूचना देकर नाकेबंदी कराई। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर पकड़ा गया। घायल आरोपी की पहचान फेकन कुमार के रूप में हुई है। वहीं गिरफ्तार अन्य आरोपियों की पहचान चंदन कुमार उर्फ फेकन कुमार (वार्ड संख्या-13, परसौनी), कमलेश कुमार और अविनाश कुमार (चकमहिला, नगर थाना) तथा लड्डू कुमार (बल्हा, मीनापुर, जिला शिवहर) के रूप में हुई है।


पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देसी कट्टे, एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस तथा परसौनी थाना क्षेत्र से लूटी गई सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। सीतामढ़ी पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उनका संबंध किसी बड़े आपराधिक गिरोह से तो नहीं है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

अविनाश कुमार की रिपोर्ट