पटना में स्मैक तस्करी का पर्दाफाश, नौबतपुर में किराना दुकान की आड़ में सूखे नशे का धंधा, दुकानदार गिरफ्तार

पटना के नौबतपुर का शंभू प्रसाद अपनी दुकान का इस्तेमाल सामान्य ग्राहकों के साथ-साथ युवाओं को नशे की पुड़िया सप्लाई करने के लिए करता था। दुकान की आड़ होने के कारण किसी को आसानी से उस पर शक नहीं होता था।

Smack smuggling racket in Naubatpur- फोटो : news4nation

Bihar News : पटना जिले के नौबतपुर के गोनवां ओपी थाने के रेंगनिया बाग गांव में मंगलवार की रात पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक किराना व पान दुकानदार को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी दुकान की आड़ में लंबे समय से स्मैक की खरीद-बिक्री का धंधा चला रहा था। 


जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नौबतपुर के रेंगनिया बाग निवासी शंभू प्रसाद (पिता: रामदास राय) के रूप में हुई है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रेंगनिया बाग स्थित आरोपी की पान की गुमटी और किराना दुकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान के गुप्त स्थानों में छिपाकर रखी गई कुल 79 पुड़िया स्मैक बरामद की गई, जिसका कुल वजन लगभग 50 ग्राम आंका गया है। 


स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शंभू प्रसाद अपनी दुकान का इस्तेमाल सामान्य ग्राहकों के साथ-साथ युवाओं को नशे की पुड़िया सप्लाई करने के लिए करता था। दुकान की आड़ होने के कारण किसी को आसानी से उस पर शक नहीं होता था। बरामद स्मैक की बाजार में अच्छी-खासी कीमत बताई जा रही है।


गोनवां गोपी थानेदार मंजीत यादव ने कहा मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह स्मैक कहां से खरीदकर लाता था और इस नेटवर्क में कौन-कौन से अन्य लोग शामिल हैं। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है।

 सुमित कुमार की रिपोर्ट