भागलपुर में छात्र की गोली मारकर हत्या, 15 दिन पहले मिली थी जान से मारने की धमकी
Bihar News : बिहार एकबार फिर अपराधियों का मनोबल बढ़़ गया है। आए दिन प्रदेश के किसी ने किसी जिले से हत्या की खबर सामने आना आम बात हो गई है। ऐसी ही एक घटना भागलपुर से सामने आई है। जहां एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई है...
Bhagalpur : जिले में बेखौफ अपारधियों ने एकबार फिर एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है। भागलपुर में रहकर पढ़ाई कर रहे 21 वर्षीय छात्र सौरभ कुमार जायसवाल की बेखौफ अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक सौरभ मूल रूप से पूर्णिया जिले के रुपौली थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरौली बाजार का निवासी था और पिछले दो वर्षों से भागलपुर में अपनी शिक्षा पूरी कर रहा था। उसके पिता संतोष जायसवाल कपड़े के व्यवसायी हैं। सौरभ दो भाइयों में बड़ा था, और उसकी मौत की खबर सुनते ही परिवार के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
15 दिन पहले मिली थी जान से मारने की धमकी
परिजनों ने पुलिस को बताया कि सौरभ को लगभग 15 दिन पहले टीका पट्टी निवासी शुभम नामक एक युवक ने जान से मारने की धमकी दी थी। घटना के दिन सौरभ अपने चार दोस्तों के साथ टीका पट्टी गया हुआ था। वहां से वापस लौटने के दौरान जगतपुर के पास उसे निशाना बनाया गया और गोली मार दी गई। घायल अवस्था में उसके दोस्त उसे इलाज के लिए मायागंज अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल से हिरासत में लिए गए दो युवक
इस मामले में पुलिस की शुरुआती जांच ने सबको चौंका दिया है। वारदात के बाद गौरव नामक एक युवक ने ही परिजनों को फोन कर घटना की सूचना दी थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अस्पताल से ही दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए गौरव ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मृतक की मौसी ने भी अपने बयान में स्पष्ट किया है कि सौरभ अपने एक मित्र के साथ फोर व्हीलर गाड़ी में निकला था और उसी मित्र ने इस वारदात को अंजाम दिया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
सौरभ की मौत के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता संतोष जायसवाल ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई और त्वरित न्याय की मांग की है। भागलपुर पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही चार्जशीट दाखिल कर दोषियों को सजा दिलाई जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से काम कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि हत्या की योजना कब और कैसे बनाई गई थी।
बालमुकुंद की रिपोर्ट