तेजस्वी का सीएम सम्राट और जीतन राम मांझी पर हमला, समस्तीपुर में नाबालिग लड़की से छेड़खानी में भी देखेंगे जाति

तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री को लेकर जाति के आधार पर कार्रवाई किए जाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने लिखा, “अब जाति विशेषज्ञ मुख्यमंत्री अपराधियों की जाति देखकर ही कारवाई करेंगे या मामले को दबायेंगे।

Samastipur molestation case- फोटो : news4nation

Bihar News :  समस्तीपुर में नाबालिग लड़की के साथ सरेआम युवकों द्वारा कथित छेड़खानी और अभद्र व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए और कई गंभीर आरोप लगाए। 


तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में लिखा, “समस्तीपुर में नाबालिग लड़की के साथ सरेआम युवकों द्वारा छेड़खानी प्रत्यक्ष प्रमाण है कि बीजेपी शासित बिहार में कानून व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है। अब निर्लज्ज मंत्री इसे भी छिटपुट घटना बताकर पल्ला झाड़ लेंगे।” उन्होंने आगे मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए लिखा, “जब प्रदेश का मुख्यमंत्री आपराधिक प्रवृति का हो, जो जाति देखकर अपराधियों को सम्मानित करता हो उस प्रदेश में ऐसी अराजक स्थिति उत्पन्न होना लाजिमी है।” ये आरोप तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लगाए हैं।


तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री को लेकर जाति के आधार पर कार्रवाई किए जाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने लिखा, “अब जाति विशेषज्ञ मुख्यमंत्री अपराधियों की जाति देखकर ही कारवाई करेंगे या मामले को दबायेंगे। फिर केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी इसमें अपनी रिश्तेदारी निकालेंगे। शर्मनाक!”


समस्तीपुर में वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई

समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव के पास बांध बाइपास रोड पर एक नाबालिग लड़की के साथ कथित अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस के अनुसार, वीडियो सामने आने के बाद उसकी तकनीकी जांच की गई और घटनास्थल की पहचान की गई।


पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में विकास कुमार, राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और अवधेश पासवान शामिल हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह भी बताया है कि वीडियो में दिखाई दे रही पीड़िता प्रथमदृष्टया नाबालिग प्रतीत हो रही है। पुलिस ने मीडिया और सोशल मीडिया यूजर्स से पीड़िता की पहचान उजागर करने वाली किसी भी सामग्री को साझा नहीं करने की अपील की है। मामले की जांच जारी है।


समस्तीपुर की इस घटना से पहले जमुई में भी एक नाबालिग लड़की के साथ कथित छेड़खानी का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद विपक्ष ने सरकार की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। तेजस्वी यादव ने भी हाल में जमुई मामले को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधा था।

रंजन की रिपोर्ट