पटना के नौबतपुर में 831 लीटर विदेशी शराब के साथ तीन धंधेबाज गिरफ्तार

liquor in Naubatpur Patna- फोटो : news4nation

Bihar News : नौबतपुर पुलिस को नशा के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गश्ती और छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब की खेप बरामद करते हुए तीन अंतरजिला शराब तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 831.48 लीटर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह करीब 05:30 बजे पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। उसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि नौबतपुर के मुखिया जी के भोज भात रेस्टोरेंट के पास, परसा-नगवां जाने वाली सरकारी पइन के समीप सड़क किनारे भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब की खेप उतारी गई है। 


सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष मंजीत कुमार के नेतृत्व में पु०अ०नि० शिव कुमार राम और सशस्त्र बल के जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए ठिकाने पर छापेमारी की। मौके पर पुलिस बल को देखकर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन मुस्तैद जवानों ने शराब की निगरानी कर रहे तीनों व्यक्तियों को चारों तरफ से घेरकर धर दबोचा। पुलिस द्वारा की गई मौके की जांच और भौतिक सत्यापन में विभिन्न नामी ब्रांडों की कुल 831.48 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जब गिरफ्तार अभियुक्तों से शराब के कागजात और संतोषजनक जवाब मांगा गया, तो वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। 


कड़े गए तीनों अभियुक्तों की पहचान सुनील राय पिता- विशुन राय, निवासी- रामपुर बिनगांवा, थाना- डोरीगंज, जिला- छपरा, दूसरा ब्रिजेश राय पिता- किशोरी राय, निवासी- रामपुर बिनगांवा, थाना- डोरीगंज, जिला- छपरा और तीसरा मृत्युंजय कुमार सिंह पिता- स्व० धुरेन्द्र सिंह, निवासी- नवका बड़का बैजू टोला, थाना- रिविलगंज, जिला- छपरा के रूप में हुई। 


नौबतपुर पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर थाने के मालखाने में सुरक्षित रखवा दिया है। नौबतपुर थानेदार मंजीत ठाकुर ने इस मामले में थाना कांड संख्या- 665/26 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम (धारा-30a) के अंतर्गत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे स्थानीय स्तर पर किसे डिलीवर किया जाना था।


सुमित कुमार की रिपोर्ट