Bihar Crime: ट्रेन में लूट का जाल, भागलपुर में गिरोह का भंडाफोड़, दो शातिर महिलाएं डिटेन… हथियार और जेवर बरामद

Bihar Crime: रेल पुलिस ने ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाकर लूट, चोरी और छिनतई करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है।...

ट्रेन में लूट का जाल- फोटो : reporter

Bhagalpur: रेल पुलिस ने ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाकर लूट, चोरी और छिनतई करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो संदिग्ध महिलाओं को डिटेन किया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और रेल यात्रियों में भी राहत की सांस देखने को मिल रही है।

दरअसल बीते दिनों सूरत एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला यात्री के साथ चेन छिनतई की वारदात हुई थी। चलती ट्रेन में हुई इस दुस्साहसी घटना ने रेल सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए थे। मामला सामने आते ही रेल पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और कांड के उद्भेदन के लिए विशेष टीम गठित की गई।

इस ऑपरेशन में सीआईबी जमालपुर, आरपीएफ भागलपुर और सीपीडीएस की संयुक्त टीम को लगाया गया। तकनीकी जांच, गुप्त सूचना और लगातार निगरानी के बाद पुलिस की टीम भागलपुर के अलीनगर इलाके तक पहुंच गई। यहां मोहम्मद जलाल, मोहम्मद लाल बाबू, मोहम्मद कलीम और मोहम्मद नाड़ा के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस के हाथ बड़ा सुराग लगा। तलाशी में दो देशी पिस्टल, चार देशी कट्टा, 18 जिंदा कारतूस और कई धारदार हथियार बरामद किए गए। इतना ही नहीं, ट्रेनों में यात्रियों से छीने गए सोने-चांदी के जेवर भी पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। इन बरामद सामानों ने इस बात की पुष्टि कर दी कि यह गिरोह लंबे समय से ट्रेनों में सक्रिय होकर यात्रियों को अपना निशाना बना रहा था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक गिरोह के सदस्य बेहद शातिर अंदाज में ट्रेन के डिब्बों में चढ़ते थे और मौका मिलते ही यात्रियों के गहने और कीमती सामान झपट लेते थे। खासकर महिला यात्रियों को यह गिरोह आसानी से निशाना बनाता था। कई मामलों में हथियार का डर दिखाकर भी लूटपाट की जाती थी।

फिलहाल इस मामले में दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि इनसे पूछताछ के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों के ठिकानों का भी खुलासा हो सकता है। रेल पुलिस का कहना है कि इस गिरोह का नेटवर्क सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार दूसरे राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं।

पुलिस ने साफ किया है कि गिरोह में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए बिहार सहित देश के कई इलाकों में छापेमारी जारी है। जल्द ही पूरे गिरोह को बेनकाब करने का दावा भी किया जा रहा है।

रिपोर्ट- अंजनी कश्यप