सड़क पर हाई-वोल्टेज ड्रामा! प्रेमिका को लेकर भाग रहा था प्रेमी, भीड़ ने कर दी जमकर पिटाई

Bihar News: प्रेमिका को लेकर भाग रहे एक युवक को लोगों ने पकड़कर जमकर पीट दिया।

प्रेमी -प्रेमिका की धुनाई- फोटो : reporter

Bihar News: बिहार के वैशाली के गोरौल चौक इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब प्रेम प्रसंग का मामला सड़क पर बवाल में बदल गया। प्रेमिका को बाइक पर बैठाकर भाग रहे एक युवक को लड़की के परिजनों और स्थानीय लोगों ने ओवरब्रिज के पास पकड़ लिया और जमकर धुनाई कर दी। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो उठा।

बताया जा रहा है कि युवक अपनी प्रेमिका को लेकर शादी की नीयत से भाग रहा था। इसकी भनक लड़की के परिवार वालों को लग गई। परिवार के लोग पीछा करते हुए गोरौल चौक ओवरब्रिज के समीप दोनों को धर दबोचा। पहले तो कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते गुस्साई भीड़ ने प्रेमी पर हाथ छोड़ दिया। हालात बेकाबू होते देख किसी ने तुरंत गोरौल थाना को सूचना दी।

सूचना मिलते ही अवर निरीक्षक राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को भीड़ के चंगुल से निकालकर थाने ले आए। युवक की पहचान महुआ थाना क्षेत्र के छतवारा गांव निवासी अमित कुमार और उसके दोस्त राहुल कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अमित की मौसी लड़की के गांव में रहती है, जिसके कारण उसका वहां आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।

सूत्रों के मुताबिक, दोनों युवक बेलसर थाना क्षेत्र के एक गांव से युवती को भगाकर ले जा रहे थे। हालांकि लड़की के परिजन उसे अपने साथ घर ले गए। थानाध्यक्ष सुनिल कुमार ने बताया कि युवती को परिजनों के हवाले कर दिया गया है, जबकि दोनों युवकों को पूछताछ के लिए थाना में रखा गया है। उनके परिवार वालों को भी सूचना दे दी गई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि प्रेम प्रसंग के मामलों में सामाजिक तनाव किस तरह कानून-व्यवस्था की चुनौती बन जाता है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार