Bihar Crime: रंगों की महफ़िल बनी मातम, होली पार्टी के बीच दोस्त ने मारी गोली, एक की मौत

Bihar Crime: होली की खुशियों के बीच खून की सनसनीखेज वारदात ने जश्न को मातम में बदल दिया।...

होली पार्टी के बीच दोस्त ने मारी गोली- फोटो : reporter

Bihar Crime: होली की खुशियों के बीच वैशाली में खून की सनसनीखेज वारदात ने जश्न को मातम में बदल दिया। वैशाली  के बिदुपुर थाना क्षेत्र में होली पार्टी के दौरान एक व्यक्ति को गोली मारकर कत्ल कर दिया गया। रंग और गुलाल के बीच चली गोली से पूरा इलाका दहशत में डूब गया।

घटना बिदुपुर थाना क्षेत्र के दाउदनगर गांव की है। मृतक की पहचान रंजीत दास (56) के रूप में हुई है, जो चंदेश्वर दास के पुत्र थे। बताया जा रहा है कि होली के मौके पर करीब 10 दोस्त घर से महज़ 10 मीटर की दूरी पर बैठकर जश्न मना रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते तकरार और फिर खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई।

आरोप है कि गांव के ही वासुदेव सिंह के पुत्र राजेश सिंह ने गुस्से में आकर रंजीत दास पर गोली चला दी। मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी फरार हो गया। गोली लगते ही रंजीत दास लहूलुहान होकर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी सांसें थम चुकी थीं।

सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

मृतक दो भाइयों और पांच बहनों में सबसे बड़े थे। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। परिवार पर ग़मों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि रंजीत दास ड्राइवरी का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की तहकीकात कर रही है। होली के रंगों में घुला यह खून पूरे इलाके में सनसनी और खौफ की लकीर खींच गया है। 

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार