Bihar Crime: किराए को लेकर सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा, महिला होमगार्ड और बस कर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक, वीडियो वायरल

Bihar Crime: बिहार से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां बस किराए को लेकर सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला।...

किराए को लेकर सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां बस किराए को लेकर सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। मामूली कहासुनी देखते ही देखते तीखी बहस में बदल गई और मामला थाने के मुख्य गेट तक पहुंच गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार हाजीपुर–महनार मुख्य मार्ग पर ड्यूटी से लौट रही होमगार्ड की दो महिला जवानों का बस के चालक और कंडक्टर से किराए को लेकर विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले बस के अंदर हल्की बहस शुरू हुई, लेकिन देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया और बस को सीधे महुआ थाना के मुख्य गेट के पास रोक दिया गया।

सड़क पर ही दोनों पक्षों के बीच तीखी तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला होमगार्ड जवान बस चालक और कंडक्टर से काफी नाराज दिख रही हैं और दोनों के बीच जमकर बहस हो रही है। इस दौरान वहां मौजूद किसी शख्स ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही महुआ थाना से एक महिला दरोगा और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया और महिला होमगार्ड जवानों को समझाकर थाने ले गई।

इस पूरे मामले को लेकर विक्रम सिहाग, जो वैशाली पुलिस के एसपी हैं, ने बताया कि होमगार्ड की दो महिला जवानों और बस कर्मियों के बीच किराए को लेकर विवाद हुआ था। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और जांच के बाद जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह वीडियो इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार