Bihar Crime: दबंगई की इंतहा, लाठी-रॉड लेकर पहुंचे दर्जनों हमलावर,लूटपाट और महिला से छेड़खानी का आरोप
Bihar Crime: दबंगों ने कथित तौर पर घर पर धावा बोलकर जमकर उत्पात मचाया।...
Bihar Crime: दबंगों ने कथित तौर पर घर पर धावा बोलकर जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि दर्जनों की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ बेरहमी से मारपीट की, लूटपाट को अंजाम दिया और एक महिला के साथ छेड़खानी तथा दुर्व्यवहार भी किया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र स्थित महम्मदपुर गांव में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद के बीच आरोपित पक्ष अचानक बड़ी संख्या में उनके घर पहुंच गया। हाथों में लाठी, डंडे और लोहे की रॉड लिए हमलावरों ने घरवालों पर हमला बोल दिया। देखते ही देखते पूरा घर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। हमले में कई लोग घायल हो गए, जबकि महिलाएं और बच्चे दहशत में आ गए।
आरोप है कि मारपीट के बाद हमलावर घर के अंदर घुस गए और वहां रखे सामानों के साथ लूटपाट की। पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि इस दौरान घर की एक महिला के साथ छेड़खानी की गई और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। घटना के बाद पूरे परिवार में खौफ का माहौल है। इस मामले में पीड़िता आशा देवी के बयान पर महनार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों समेत 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि यह घटना 4 जून की है, जबकि 6 जून को इस संबंध में एफआईआर दर्ज की गई।घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि बड़ी संख्या में लोग लाठी, डंडे और लोहे की रॉड लेकर पीड़ित परिवार पर हमला कर रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन यह फुटेज मामले की गंभीरता को उजागर कर रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। गांव में इस घटना के बाद तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार