Bihar Crime: शिव मंदिर की जमीन पर कब्जे का विरोध पड़ा भारी, मां-बेटे पर फरसा-रॉड से हमला, बेटे का हाथ टूटा

Bihar Crime: जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है...

मां-बेटे पर फरसा-रॉड से हमला- फोटो : reporter

Bihar Crime: वैशाली के महुआ थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। चकोली गांव के वार्ड नंबर-14 में शिव मंदिर के पास स्थित जमीन पर कथित कब्जे का विरोध करने पर एक महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। पीड़िता के मुताबिक, हमलावर लाठी-डंडे, फरसा और लोहे की रॉड लेकर पहुंचे थे। हमले में महिला के सिर पर फरसा लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके बेटे का हाथ टूटने का आरोप है।

मामले को लेकर चकोली गांव निवासी कला देवी, पति नरेश राय ने महुआ थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के मुताबिक घटना 19 सितंबर की दोपहर करीब एक बजे की है। पीड़िता का आरोप है कि देव प्रसाद राय, जय प्रसाद राय, संजय राय, बिंदु कुमारी, विक्की कुमारी, पिंकी कुमारी और नितिन कुमार समेत सात लोग हथियारों से लैस होकर शिव मंदिर के पास उनकी जमीन पर पहुंचे और वहां बांस-फूस का मकान बनाने लगे।

कला देवी ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि सभी ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे। पीड़िता के मुताबिक, इसी दौरान जय प्रसाद राय ने कथित तौर पर फरसा से उनके सिर पर वार कर दिया। चोट लगने के बाद वह जमीन पर गिर गईं। इसके बाद लाठी और लोहे की रॉड से शरीर के अन्य हिस्सों पर भी वार किए जाने का आरोप है।

मां को बचाने के लिए पहुंचे बेटे रोशन कुमार को भी आरोपियों ने घेर लिया। आवेदन में कहा गया है कि रोशन के साथ लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट की गई, जिसमें उसका हाथ टूट गया। पीड़िता ने बिंदु कुमारी और पिंकी कुमारी पर गले से सोने की नथिया और मंगलसूत्र छीनने का भी आरोप लगाया है।

पीड़िता के अनुसार, मारपीट के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। इसके बाद सभी आरोपी कथित तौर पर परिवार समेत हत्या करने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। घायल मां-बेटे का इलाज फिलहाल अनुमंडलीय अस्पताल महुआ में चल रहा है।कला देवी ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि संबंधित लोग दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति के हैं तथा पूर्व में भी उनके साथ विवाद कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि पुराने विवाद से जुड़ा एक मामला सीजेएम कोर्ट, हाजीपुर में लंबित है।

पीड़िता ने महुआ थानाध्यक्ष से मामले की जांच कर आरोपों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस के समक्ष अब जमीन पर कब्जे के आरोप, मारपीट, कथित हथियार के इस्तेमाल, छिनतई और धमकी समेत पूरे विवाद की जांच का सवाल है। आवेदन में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार