Bihar Crime: भाई भाई के बीच जमीन मापी का विवाद बना जंग का मैदान, घर पर धावा बोल कर किया कई लोगों को घायल

Bihar Crime: जमीन मापी को लेकर चल रहा विवाद उस वक्त हिंसक हो गया, जब आरोप है कि 10 से 15 लोगों ने एक व्यक्ति के के घर पर धावा बोल दिया।...

जमीन मापी का विवाद बना जंग का मैदान- फोटो : reporter

Bihar Crime: वैशाली के बेलसर थाना क्षेत्र के नंगवा गांव में जमीन मापी को लेकर चल रहा विवाद उस वक्त हिंसक हो गया, जब आरोप है कि 10 से 15 लोगों ने आफताब आलम के घर पर धावा बोल दिया। लाठी-डंडों से हुई मारपीट में आफताब आलम समेत उनके परिवार के कई लोग घायल हो गए। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की गतिविधियां कैमरे में भी कैद हुई हैं, जिसमें कुछ लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर मारपीट करते नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि आफताब आलम और उनके भाई के बीच जमीन की मापी को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच आरोप है कि मुन्ना और फखरुद्दीन अपने कुछ साथियों के साथ आफताब के घर पहुंचे। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पहले गाली-गलौज की गई और देखते ही देखते मामला मारपीट में तब्दील हो गया।

हमले में घायल लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। आफताब आलम के मुताबिक, वह घटना से एक दिन पहले ही दिल्ली से अपने घर लौटा था। उनका कहना है कि जमीन विवाद को लेकर पहले से ही तनाव बना हुआ था और इसी बीच आरोपित पक्ष ने हमला कर दिया।आफताब ने कुछ लोगों पर दूसरे के विवाद में शामिल होकर पैसे लेकर मारपीट करने का आरोप भी लगाया है। 

घटना की सूचना मिलने के बाद बेलसर थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। बेलसर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है और इसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, आवेदन मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों, घटना के वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार