Bihar Crime: एनकाउंटर के बाद गैंग की तलाश तेज, वैशाली में लूट मचाने वाले बदमाशों पर पुलिस का शिकंजा, फरार दो अपराधियों की खोज में ताबड़तोड़ छापेमारी
Bihar Crime: समस्तीपुर में बिहार एसटीएफ और पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के बाद अब वैशाली पुलिस फरार दो अपराधियों की तलाश में पूरी ताकत से जुट गई है।...
Bihar Crime: समस्तीपुर में बिहार एसटीएफ और पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के बाद अब वैशाली पुलिस फरार दो अपराधियों की तलाश में पूरी ताकत से जुट गई है। पुलिस का दावा है कि मुठभेड़ में घायल हुए बदमाशों ने पिछले महीने वैशाली में दो बड़ी लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। इतना ही नहीं, एक घटना के दौरान विरोध करने पर एक व्यक्ति को गोली भी मार दी थी। अब फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
वैशाली एसपी ने बताया कि मुठभेड़ स्थल की जांच के दौरान पुलिस ने दो पिस्टल, दो मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस और अपराधियों की बाइक बरामद की है। पुलिस ने मौके से फरार हुए दोनों अपराधियों की पहचान कर ली है और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का सफाया कर दिया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल अमन साहनी पर एक दर्जन से अधिक संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वैशाली जिले के भी दो मामले शामिल हैं। पूछताछ में उसके गिरोह के नेटवर्क और कई बड़ी वारदातों के सुराग मिलने की उम्मीद है।
एसपी के अनुसार, अमन साहनी और उसका गिरोह समस्तीपुर, दरभंगा, वैशाली और आसपास के जिलों में लूट की बड़ी वारदातों को अंजाम देने की फिराक में था। इसी बीच पुलिस और बिहार एसटीएफ को गिरोह की गतिविधियों की पुख्ता सूचना मिली। इसके बाद घेराबंदी की गई तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा भागने के दौरान घायल हो गया। हालांकि अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर गिरोह के दो सदस्य मौके से फरार हो गए।
अब पुलिस फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद वैशाली और आसपास के जिलों में हुई कई लूट और गोलीकांड की वारदातों का भी पर्दाफाश होने की संभावना है।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार