Bihar Crime: जमुई-समस्तीपुर- बांका- सीवान के बाद अब वैशाली में महिलाओं से शैतानियत, दसवीं की छात्रा से स्कूल में छेड़छाड़ और मारपीट, वारदात के बाद भी आरोपी फरार

Bihar School Crime: जमुई- समस्तीपुर-बांका- बेगूसराय-सीवान में महिलाओं के साथ हिंसा की अभी पुलिस जांच हीं कर रही थी कि वैशाली में छेड़छाड़ की घटना सामने आई है।...

वैशाली में महिलाओं से शैतानियत- फोटो : reporter

Bihar Crime: जमुई- समस्तीपुर-बांका- बेगूसराय-सीवान में महिलाओं के साथ हिंसा की  अभी पुलिस जांच हीं कर रही थी कि वैशाली में छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। वैशाली के महनार से स्कूल में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। उच्च माध्यमिक विद्यालय लावापुर नारायण में दसवीं कक्षा की एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगा है। आरोप है कि एक युवक स्कूल परिसर में घुसा और छात्रा के साथ अभद्रता करने के बाद उसके साथ मारपीट की। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

मामला महनार थाना क्षेत्र के उच्च माध्यमिक विद्यालय लावापुर नारायण का बताया जा रहा है। आरोप के मुताबिक, स्कूल में मौजूद दसवीं कक्षा की छात्रा के साथ एक युवक ने कथित तौर पर छेड़छाड़ की। छात्रा ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद स्कूल में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही महनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीण भी स्कूल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल शुरू कर दी है। छात्रा और उसके परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर उठ रहा है। बताया जा रहा है कि घटना के एक दिन बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। स्कूल परिसर में छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ और मारपीट की घटना ने छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।स्थानीय स्तर पर लोगों का कहना है कि स्कूल परिसर में बाहरी व्यक्ति के प्रवेश और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर निगरानी व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए। हालांकि, घटना में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल महनार पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। अब देखना होगा कि जांच के बाद पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और आरोपी की गिरफ्तारी कब तक होती है।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार