Bihar News:सोशल मीडिया पर कट्टा लहराना पड़ा महंगा, वायरल वीडियो से पुलिस ने दबोचा, देसी हथियार भी बरामद
Bihar News: सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले युवकों पर वैशाली पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।...
Bihar News: सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले युवकों पर वैशाली पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। ताजा कार्रवाई में पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। सबसे खास बात यह रही कि जिस देसी कट्टे का प्रदर्शन कर युवक सोशल मीडिया पर रौब झाड़ रहा था, पुलिस ने उसी हथियार के साथ उसे धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के मुताबिक, 28 जून को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में एक युवक खुलेआम देसी कट्टा लहराते हुए दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आते ही वैशाली पुलिस की साइबर सेल सक्रिय हो गई और मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई।
वैशाली के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान, साइबर इनपुट और स्थानीय सूचना के आधार पर वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान अंकुश कुमार उर्फ प्रवीण के रूप में हुई, जो सदर थाना क्षेत्र के पानापुर लंगा गांव का रहने वाला है।
पहचान होने के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से वही देसी कट्टा भी बरामद कर लिया गया, जिसका प्रदर्शन वह सोशल मीडिया पर कर रहा था।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने, दबदबा कायम करने या कानून को चुनौती देने की कोशिश करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों पर साइबर सेल लगातार पैनी नजर बनाए हुए है और वायरल वीडियो की तकनीकी जांच कर आरोपियों तक पहुंचा जा रहा है।एसपी ने स्पष्ट किया कि वैशाली पुलिस की साइबर टीम लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की मॉनिटरिंग कर रही है। जो भी व्यक्ति अवैध हथियारों का प्रदर्शन करेगा या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से आया और क्या आरोपी का संबंध किसी आपराधिक गिरोह या अन्य आपराधिक गतिविधियों से रहा है। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार