Bihar Crime: रील के लिए कट्टा लहराना पड़ा महंगा, गया में युवक गिरफ्तार

Bihar Crime: सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ रील बनाकर दहशत फैलाने की कोशिश एक युवक को भारी पड़ गई। ...

रील के लिए कट्टा लहराना पड़ा महंगा- फोटो : reporter

Bihar Crime:  गयाजी जिले में सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ रील बनाकर दहशत फैलाने की कोशिश एक युवक को भारी पड़ गई। टनकुप्पा थाना क्षेत्र में वायरल हुए वीडियो के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें एक युवक रेलवे ट्रैक के पास फिल्मी अंदाज में देशी कट्टा लहराते हुए रील बनाता दिखाई दे रहा था। वीडियो में बैकग्राउंड म्यूजिक और हथियार का प्रदर्शन लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। स्थानीय लोगों ने इसे गंभीर मामला मानते हुए पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और साइबर सेल सक्रिय हो गई। तकनीकी जांच और स्थानीय इनपुट के आधार पर वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान टनकुप्पा थाना क्षेत्र के सोनारखाप गांव निवासी विक्की कुमार के रूप में की गई।पुलिस ने गुरुवार को आरोपी के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान वीडियो में इस्तेमाल किया गया अवैध देशी कट्टा भी बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

टनकुप्पा पुलिस के अनुसार, हथियार के साथ रील बनाना केवल कानून का उल्लंघन नहीं है, बल्कि समाज में भय और गलत संदेश फैलाने का प्रयास भी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं।इस कार्रवाई के बाद इलाके में पुलिस की तत्परता की सराहना हो रही है, वहीं सोशल मीडिया पर अपराध और हथियारों के महिमामंडन को लेकर नई बहस छिड़ गई है।

रिपोर्ट- मनोज कुमार