मोबाइल में रायफल संग फोटो पड़ा भारी, पटना सिटी में अवैध हथियार और स्मैक के साथ पकड़ा गया युवक
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान जब आरोपी का मोबाइल फोन जांचा गया तो उसमें अवैध रायफल और कारतूस के साथ उसकी तस्वीर मिली। इसके बाद नदी थाना पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की।
Bihar News: मोबाइल में रायफल की तस्वीर और उसे दिखाकर दूसरों पर धौंस जमाने वाले एक शातिर को पुलिस ने पटना सिटी में अवैध हथियार, कारतूस और स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के मोबाइल फोन में रायफल के साथ तस्वीर मिलने के बाद पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की, जहां से हथियार और नकदी बरामद की गई। मामला नदी थाना क्षेत्र का है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कच्ची दरगाह मजार के पास से अमित कुमार नामक युवक को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार युवक जेठूली निवासी शोक राय का पुत्र बताया जा रहा है। तलाशी के दौरान उसके पास से 20 डिब्बी स्मैक बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान जब आरोपी का मोबाइल फोन जांचा गया तो उसमें अवैध रायफल और कारतूस के साथ उसकी तस्वीर मिली। इसके बाद नदी थाना पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान प्याज के भंडारण स्थल के पास छिपाकर रखी गई एक रायफल, दो जिंदा कारतूस और करीब 4 लाख 28 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
फतुहा डीएसपी अवधेश सिंह ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में नदी थानाध्यक्ष सद्दाम हुसैन, दरोगा विवेक कुमार, संतानु कुमार, शंभु पासवान समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस अब गिरफ्तार अमित कुमार के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। वहीं पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया या मोबाइल में अवैध हथियारों के साथ फोटो रखना और उसका प्रदर्शन करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
रजनीश की रिपोर्ट