Budget 2025 : वित्त मंत्री संसद में आज पेश करेंगी मोदी 3.0 का पहला पूर्व बजट, महिलाओं और मिडिल क्लास को मिल सकती है बड़ी राहत

Budget 2025 : मोदी 3.0 का पहला पूर्व बजट आज संसद में पेश होगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज अपना 8वां और पीएम मोदी के तीसरे कार्यकाल का पहला बजट पेश करेंगी।

Budget 2025
Budget 2025- फोटो : news4nation

Budget 2025: संसद का बजट सत्र शुक्रवार यानी 31 जनवरी से प्रारंभ हो चुका है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 पेश किया। वित्त मंत्री आज यानी शनिवार (1 फरवरी) को देश का बहुप्रतीक्षित केंद्रीय बजट पेश करेंगी। वित्त मंत्री कुछ ही घंटों में संसद पहुंचेंगी और बजट प्रस्तुत करेंगी। वित्त मंत्री अपना आठवां बजट पेश करेंगी। इसके साथ ही वो सबसे अधिक बार बजट पेश करने वाली वित्त मंत्री बन जाएंगी। बीते दिन पीएम मोदी ने बजट को लेकर कई संकेत दिया था। 

बजट में महिलाओं के लिए विशेष घोषणाओं की संभावना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के अधिकारों और उनके सम्मानपूर्ण जीवन को सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया है। उन्होंने संकेत दिया कि इस बजट में नारी शक्ति के सशक्तिकरण को केंद्र में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। पीएम मोदी ने यह स्पष्ट किया कि पंथ और संप्रदाय के भेद से ऊपर उठकर हर महिला को समान अधिकार और सम्मान मिलेगा।

गरीब, मध्यम वर्ग और महिलाओं के लिए नई पहल के संकेत

बजट पेश होने से एक दिन पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने सरकार के दृष्टिकोण को साझा करते हुए संकेत दिए कि इस बार गरीबों, मध्यम वर्ग और महिलाओं के लिए नई योजनाओं और पहलों की घोषणा हो सकती है। इससे आम जनता में बजट को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।

GDP वृद्धि दर में गिरावट, आर्थिक चुनौतियों के बीच पेश होगा बजट

यह बजट ऐसे समय में आ रहा है जब चालू वित्त वर्ष में भारत की GDP वृद्धि दर घटकर 6.4% पर आने का अनुमान है, जो पिछले चार वर्षों का सबसे निचला स्तर है। आर्थिक सर्वेक्षण में अनुमान लगाया गया है कि वित्त वर्ष 2025-26 में GDP वृद्धि दर 6.3% से 6.8% के बीच रहेगी। यह दर विकसित राष्ट्र बनने के लिए आवश्यक वृद्धि दर से काफी कम मानी जा रही है।

आयकर में राहत की उम्मीदें बढ़ीं

प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब और मध्यम वर्ग के उत्थान के लिए सकारात्मक संकेत दिए हैं। इससे यह उम्मीद की जा रही है कि बजट में आयकर में कुछ राहत दी जा सकती है, विशेष रूप से निम्न मध्यम वर्ग को कुछ छूट मिलने की संभावना है।

अमेरिकी बाजार के प्रभाव को लेकर चेतावनी

आर्थिक सर्वेक्षण में यह भी चेतावनी दी गई है कि अमेरिकी स्टॉक मार्केट में किसी भी प्रकार के बदलाव का असर भारतीय बाजार पर पड़ सकता है। इस संदर्भ में, नीति निर्माताओं को सतर्क और रणनीतिक रूप से तैयार रहने की आवश्यकता होगी। अब सभी की नजरें वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट भाषण पर टिकी हैं, जिसमें यह देखा जाएगा कि सरकार आर्थिक विकास को गति देने के लिए कौन-कौन से कदम उठाती है।

Editor's Picks