PM मोदी ने रचा एक और इतिहास: देश में सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले निर्वाचित नेता बने, इनका तोड़ा रिकॉर्ड

Narendra Modi- फोटो : news4nation

Narendra Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर लिया है। वे अब देश में किसी भी चुनी हुई सरकार के प्रमुख के रूप में सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले नेता बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने पवन कुमार चामलिंग का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने सिक्किम के मुख्यमंत्री के रूप में 8,930 दिनों तक सेवा दी थी। पीएम मोदी के नेतृत्व में अब 8,931 दिन पूरे हो चुके हैं, जिसमें गुजरात के मुख्यमंत्री और भारत के प्रधानमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल शामिल है। इस तरह नेतृत्व की भूमिका में उनका 25वां वर्ष चल रहा है।


रिकॉर्ड्स से भरा रहा राजनीतिक सफर

नरेंद्र मोदी के नाम कई अहम उपलब्धियां दर्ज हैं। वे गुजरात के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मुख्यमंत्री रहे हैं और देश के ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिनके पास मुख्यमंत्री के रूप में सबसे लंबा अनुभव रहा है। वे आजादी के बाद जन्म लेने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री भी हैं। साल 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में लगातार तीन बार जीत हासिल कर उन्होंने अपनी मजबूत जनाधार को साबित किया है। उन्होंने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला था और करीब 13 वर्षों तक राज्य का नेतृत्व किया। इसके बाद 26 मई 2014 को उन्होंने देश के 14वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। वे पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आने वाले और लगातार तीन कार्यकाल तक सरकार का नेतृत्व करने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता भी बन चुके हैं।


डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी दबदबा

राजनीति के साथ-साथ डिजिटल दुनिया में भी पीएम मोदी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। हाल ही में उनके यूट्यूब चैनल के सब्सक्राइबर्स की संख्या 3 करोड़ के पार पहुंच गई है, जिससे वे दुनिया के सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले वैश्विक नेताओं में शामिल हो गए हैं।


सोशल मीडिया पर नंबर-1

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी उनकी मजबूत पकड़ देखने को मिलती है। फरवरी में उन्होंने इंस्टाग्राम पर 10 करोड़ फॉलोअर्स का आंकड़ा पार किया, ऐसा करने वाले वे दुनिया के पहले मौजूदा नेता बने। वर्तमान में इंस्टाग्राम पर उनके 10.1 करोड़ और एक्स (ट्विटर) पर 10.64 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं, जो उनकी वैश्विक लोकप्रियता को दर्शाते हैं।