Bihar Diwas at IITF 2026: नई दिल्ली में बिहार की सांस्कृतिक झलक, नीतू कुमारी नवगीत समेत कलाकारों ने बांधा समां

45वें IITF 2026 में भारत मंडपम, नई दिल्ली में बिहार दिवस का भव्य आयोजन हुआ। लोकगीतों, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोहा।

भारत मंडपम नई दिल्ली में बिहार दिवस समारोह 2026- फोटो : news 4 nation

नई दिल्ली में बिहार सरकार के उद्योग विभाग द्वारा 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 के अवसर पर भारत मंडपम में बिहार दिवस का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और कलात्मक विविधता की आकर्षक झलक देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार सरकार के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया l इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे l 


भारत मंडपम के ओपन एयर एम्फीथिएटर-1 में आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम की थीम “बिहार दिवस : अपनी जड़ों का उत्सव, अपनी विरासत को नमन” रही। कार्यक्रम में संगीत और लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से बिहार की गौरवशाली परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित किया गया।


कार्यक्रम में  सुप्रसिद्ध लोक गायिका  डॉ. नीतू कुमारी नवगीत, रंजना झा,  और गायिका रिया सिंह ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। वहीं नालंदा संगीत कला विकास संस्थान और रंग सेतु के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। 


बिहार दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में बिहार की प्रसिद्ध लोक गायिका नीतू कुमारी नवगीत ने  में कई पारंपरिक लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। बिहार की गौरव की गाथा सुनाते हुए उन्होंने गाया- बुद्ध और महावीर ने यहीं लिया अवतार, ये है मेरा बिहार, ये है मेरा बिहार... जिस पर दर्शक झूम उठे ।नालंदा संगीत कला विकास संस्थान के कलाकारों द्वारा महका महका सोंधी-सोंधी माटी का बिहार है गीत पर शानदार लोक नृत्य पेश किया गया।



बिहार की लोक संस्कृति, पारंपरिक संगीत और कला के विविध रंगों से सजे इस आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक और मेले में आए आगंतुक उपस्थित रहे। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को बिहार की सांस्कृतिक समृद्धि और लोक परंपराओं से रूबरू कराया।


45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में बिहार की भागीदारी का उद्देश्य राज्य की औद्योगिक क्षमता, हस्तशिल्प, उद्यमिता, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर व्यापक पहचान दिलाना है। बिहार दिवस जैसे आयोजन इस उद्देश्य को और मजबूती प्रदान करते हैं।

बिहार सरकार का उद्योग विभाग राज्य की गौरवशाली विरासत के साथ-साथ आधुनिक विकास, उद्यमिता और नई संभावनाओं को भी देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।


रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ बिहार दिवस समारोह का समापन हुआ। इस आयोजन ने भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में आए आगंतुकों को बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति और गौरवशाली विरासत से जुड़ने का यादगार अवसर प्रदान किया।