Budget Session 2026: निर्मला सीतारमण आज रिकॉर्ड 9वीं बार पेश करेंगी बजट, रविवार को पेश रहे बजट में मिडिल क्लास को मिलेगी बड़ी राहत? जानिए पूरा शेड्यूल
Budget Session 2026: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज रिकॉर्ड 9वीं बार बजट पेश करेंगी। पहली बार रविवार को बजट पेश हो रहा है। बजट में मिडिल क्लास को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
Budget Session 2026: देश का आम बजट आज यानी 1 फरवरी को संसद में पेश किया जाएगा। बजट हर साल 1 फरवरी को पेश होता है। आज रविवार होने के बावजूद परंपरा के अनुसार बजट पेश होने जा रहा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रिकॉर्ड 9वीं बार बजट पेश करेंगी। बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने राष्ट्रभवन पहुंचेंगे। जिसके बाद राष्ट्रपति परंपरा के अनुसार उन्हें दही चूड़ा खिलाकर रवाना करेंगे।
11 बजे पेश होगा बजट
कार्यक्रम अनुसार वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सुबह 11 बजे लोकसभा में मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का दूसरा आम बजट (Union Budget 2026) प्रस्तुत करेंगी। बजट को लेकर मिडिल क्लास, नौकरीपेशा, किसान और आम उपभोक्ताओं में खासा उत्साह है। कयास लगाए जा रहे हैं कि सरकार इस बजट में 5 बड़ी घोषणाएं कर सकती है, जिनका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा।
मिडिल क्लास को मिल सकती है 5 बड़े राहत
इनकम टैक्स में राहत: नए टैक्स रिजीम में स्टैंडर्ड डिडक्शन 75 हजार रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये किया जा सकता है। इससे 13 लाख रुपये तक की सालाना आय टैक्स-फ्री होने की संभावना है।
किसान सम्मान निधि में बढ़ोतरी: पीएम-किसान योजना के तहत मिलने वाली राशि 6 हजार रुपये से बढ़ाकर 9 हजार रुपये सालाना की जा सकती है।
रेल इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर: वेटिंग लिस्ट कम करने के लिए 300 से ज्यादा नई अमृत भारत और वंदे भारत ट्रेनों का ऐलान हो सकता है। रेलवे को अब तक का सबसे बड़ा बजट मिलने की उम्मीद है।
पीएम सूर्य घर योजना: 2 किलोवाट तक के सोलर सिस्टम पर सब्सिडी 30 हजार रुपये प्रति किलोवाट से बढ़ाकर 40 हजार रुपये की जा सकती है।
आयुष्मान भारत का दायरा बढ़ेगा?: आयुष्मान भारत (PM-JAY) योजना में लाभार्थियों की उम्र सीमा 70 साल से घटाकर 60 साल की जा सकती है।
बजट में क्या होगा सस्ता, क्या महंगा
बजट में रोजमर्रा की चीजों की कीमतें सीधे वित्त मंत्री तय नहीं करतीं, क्योंकि अधिकतर वस्तुओं के दाम GST काउंसिल के दायरे में आते हैं। हालांकि इम्पोर्ट ड्यूटी में बदलाव से कुछ सामान सस्ते या महंगे हो सकते हैं। इस बार सोना और चांदी सस्ते होने की उम्मीद जताई जा रही है। सरकार बेसिक कस्टम ड्यूटी को 6% से घटाकर 4% कर सकती है। ऐसा होने पर सोना प्रति 10 ग्राम करीब 3 हजार रुपये और चांदी करीब 6 हजार रुपये तक सस्ती हो सकती है।
बजट सत्र का शेड्यूल
बजट पेश करने के लिए संसद का बजट सत्र बुलाया गया है, जो दो चरणों में चलेगा। पहला चरण 28 जनवरी से 13 फरवरी तक चलेगा, जिसमें 12 बैठकें होंगी। दूसरा चरण 9 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित होगा, जिसमें कुल 18 बैठकें प्रस्तावित हैं।
हलवा सेरेमनी के साथ हुई शुरुआत
बजट से पहले पारंपरिक ‘हलवा सेरेमनी’ का आयोजन 27 जनवरी को नॉर्थ ब्लॉक में किया गया। इस मौके पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने हाथों से हलवा परोसा। इसके बाद बजट दस्तावेजों की गोपनीयता बनाए रखने के लिए अधिकारियों का लॉक-इन पीरियड शुरू हो गया। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि बजट 2026 में सरकार आम आदमी, मिडिल क्लास और किसानों को कितनी बड़ी राहत देती है और अर्थव्यवस्था को लेकर क्या नया रोडमैप पेश करती है।