छात्रों के प्रदर्शन पर पुलिसिया बर्बरता के खिलाफ स्पीकर ओम बिरला से मिले राहुल गाँधी, संसद में भारी हंगामा
लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि विपक्ष की मांग स्पष्ट है—छात्रों के साथ हुई कथित बर्बरता और परीक्षा संकट को लेकर सरकार की जवाबदेही पर संसद में विस्तार से चर्चा होनी चाहिए।
Rahul Gandhi Meets Lok Sabha Speaker Om Birla : दिल्ली में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई का मुद्दा मंगलवार को संसद तक पहुंच गया। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई और परीक्षा संकट पर संसद में विस्तृत चर्चा की मांग की। राहुल ने बाद में मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमने लोकसभा स्पीकर से छात्रों के मुद्दों पर चर्चा करने की मांग की। लेकिन स्पीकर ने कहा कि उन्हें सरकार से 'परमिशन' लेनी होगी। उन्होंने कहा कि छात्रों को मारा-पीटा जा रहा है, जो ठीक नहीं है। नरेंद्र मोदी चुप क्यों हैं? उन्हें युवाओं से माफी मांगनी चाहिए।
लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि विपक्ष की मांग स्पष्ट है—छात्रों के साथ हुई कथित बर्बरता और परीक्षा संकट को लेकर सरकार की जवाबदेही पर संसद में विस्तार से चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्र अपने भविष्य से जुड़े जायज सवाल पूछ रहे थे, लेकिन उन्हें पीटा गया। राहुल गांधी ने कहा कि अगर संसद भारत के युवाओं के भविष्य पर चर्चा नहीं कर सकती, तो फिर संसद किस लिए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष इस मुद्दे को दबने नहीं देगा और छात्रों की आवाज सड़क से लेकर संसद तक उठाई जाएगी।
CJP के प्रदर्शन और लाठीचार्ज का मुद्दा संसद में गूंजा
दरअसल, सोमवार को दिल्ली में CJP (Cockroach Janta Party) के नेतृत्व में छात्रों का प्रदर्शन हुआ था। प्रदर्शनकारी परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर विरोध कर रहे थे। संसद की ओर मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बनी, जिसके बाद पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए। इस घटना में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के घायल होने की भी खबरें सामने आई हैं।
मंगलवार को इस पूरे मामले की गूंज संसद में भी सुनाई दी। विपक्षी सांसदों ने छात्रों के प्रदर्शन, पुलिस कार्रवाई और परीक्षा संकट को लेकर सरकार से चर्चा की मांग की। हंगामे के बीच लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों की कार्यवाही प्रभावित हुई। लोकसभा में विपक्षी सदस्यों ने परीक्षा संकट और छात्रों के मुद्दे पर नारेबाजी की। वहीं, राज्यसभा में भी विपक्ष ने छात्रों के प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाया। हंगामे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद विपक्ष ने सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया है। वहीं, राहुल गांधी के लोकसभा अध्यक्ष से मिलने और इस मुद्दे को संसद में उठाने के बाद परीक्षा संकट और CJP प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई का मामला अब संसद के भीतर भी बड़े राजनीतिक टकराव का मुद्दा बन गया है।