Sanatan Dharma Black Clothes: क्यों शुभ अनुष्ठानों और विवाह संस्कारों में वर्जित माने जाते हैं काले वस्त्र? जानिए धर्म, विज्ञान और ज्योतिष की दृष्टि में ब्लैक कलर में क्या छिपा है गहरा रहस्य

किसी भी शुभ अवसर पर कृष्णवर्ण (काले) अथवा प्रगाढ़ गहरे रंगों के वस्त्रों का परिधान वर्जित माना जाता है। इसके विपरीत, पीत, श्वेत, रक्त अथवा अन्य हल्के रंग के वस्त्रों को धारण करना कल्याणकारी और मंगलकारी माना गया है। ...

क्यो वर्जित माने जाते हैं काले वस्त्र- फोटो : reporter

Sanatan Dharma Black Clothes: हिन्दू सनातन संस्कृति में प्रत्येक मांगलिक अनुष्ठान, विवाह संस्कार, व्रत एवं उत्सव के लिए विशिष्ट आचार-संहिता और दिशा-निर्देश निर्धारित किए गए हैं। इन संस्कारों में वस्त्रों के चयन का भी विशेष महत्व होता है। सामान्यतः यह परंपरा रही है कि किसी भी शुभ अवसर पर कृष्णवर्ण (काले) अथवा प्रगाढ़ गहरे रंगों के वस्त्रों का परिधान वर्जित माना जाता है। इसके विपरीत, पीत, श्वेत, रक्त  अथवा अन्य हल्के रंग के वस्त्रों को धारण करना कल्याणकारी और मंगलकारी माना गया है। तथापि, वर्तमान आधुनिक युग में फैशन और व्यक्तिगत अभिरुचि के नाम पर काले वस्त्र पहनने की प्रवृत्ति बढ़ी है। धर्मशास्त्र, विज्ञान और ज्योतिष के त्रिवेणी दृष्टिकोण में शुभ कार्यों में काले वस्त्रों के त्याग को अनिवार्य माना गया है।

वैज्ञानिक एवं मनोवैज्ञानिक तथ्य

केवल धर्म और ज्योतिष ही नहीं, अपितु विज्ञान भी शुभ अवसरों पर काले वस्त्रों के निषेध की पुष्टि करता है।  भौतिक विज्ञान के नियमों के अनुसार, काला रंग सूर्य के प्रकाश एवं ऊष्मा का सबसे बड़ा अवशोषक होता है। यह समस्त दृश्य प्रकाश को सोख लेता है और परावर्तित नहीं करता। विशेषकर ग्रीष्म ऋतु में या बड़े आयोजनों में, जहां अग्नि (हवन आदि) का प्रज्वलन होता है, काले वस्त्र पहनने से शरीर अत्यधिक ऊष्मा ग्रहण करता है, जिससे शारीरिक कष्ट और अस्वस्थता की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

 मनोविज्ञान के क्षेत्र में यह सिद्ध हो चुका है कि रंगों का मानव मस्तिष्क के अंतस पर गहरा प्रभाव पड़ता है। जो व्यक्ति निरंतर काले रंग के प्रति आकर्षित होते हैं, उनका मानस प्रायः अंतर्मुखी, असहज और चिंतायुक्त देखा गया है। यह रंग आसपास के वातावरण की समस्त ऊर्जा चाहे वह सकारात्मक हो या नकारात्मक को अपने भीतर समेट लेता है, जिससे चित्त की शांति भंग होती है।बहरहाल यह कहा जा सकता है कि मांगलिक कृत्यों में काले वस्त्रों का निषेध केवल एक अंधविश्वास नहीं, अपितु हमारे मनीषियों द्वारा प्रदत्त एक वैज्ञानिक, ज्योतिषीय और आध्यात्मिक अनुशासन है। 

धार्मिक दृष्टिकोण और सांस्कृतिक परंपराएँ

सनातन धर्म में कृष्ण वर्ण यानी काला रंग को अमंगल, शोक, और विषाद का प्रतीक माना गया है। सनातन परंपरा के अनुसार, शुभ अवसरों पर चित्त की प्रसन्नता और सकारात्मकता का संचार आवश्यक होता है, जबकि काला रंग मन में उदासी और नकारात्मकता को जन्म देता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गहरे रंग की वस्तुएं नकारात्मक ऊर्जा और अदृश्य शक्तियों को अपनी ओर आकर्षित करती हैं। यही कारण है कि पूजा-पाठ, हवन, यज्ञ, और विवाह जैसे पवित्र अनुष्ठानों में काले वस्त्रों को पहनने की परंपरा का पूर्णतः निषेध किया गया है, ताकि अनुष्ठान की पवित्रता और सकारात्मक ऊर्जा अक्षुण्ण बनी रहे।

 शनि और राहु का प्रभाव

भारतीय ज्योतिष शास्त्र में रंगों का सीधा संबंध ग्रहों से जोड़ा गया है।ज्योतिषीय आचार्यों के अनुसार, काला रंग क्रूर एवं न्याय के देवता शनि ग्रह तथा छाया ग्रह राहु का प्रतिनिधित्व करता है।जिन जातकों की जन्मकुंडली में शनि अथवा राहु की महादशा, अंतर्दशा चल रही हो या जिनकी कुंडली में ये ग्रह कमजोर अथवा अशुभ स्थिति में हों, यदि वे निरंतर काले वस्त्र धारण करते हैं, तो इन ग्रहों के नकारात्मक प्रभाव में तीव्र वृद्धि हो जाती है।ज्योतिषीय मत के अनुसार, इस वर्ण के नियमित प्रयोग से जीवन में अनपेक्षित बाधाएं, मानसिक संताप, और कार्यों में विफलता जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।