तुलसी विवाह कब होगा, जानिए शुभ मुहूर्त, पूजा-विधि और धार्मिक महत्व
तुलसी विवाह के लिए शाम का प्रदोष काल विशेष शुभ माना जाता है। इसी अवधि में माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराया जा सकता है। हालांकि, मुहूर्त का समय स्थान के अनुसार बदल सकता है।
Tulsi Vivah 2026 : हिंदू धर्म में तुलसी विवाह का विशेष धार्मिक महत्व है। हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को माता तुलसी और भगवान विष्णु के स्वरूप शालिग्राम का विवाह कराया जाता है। मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है। साथ ही वैवाहिक जीवन में प्रेम और सौहार्द बना रहता है। देवउठनी एकादशी के बाद होने वाला यह आयोजन चातुर्मास की समाप्ति और मांगलिक कार्यों की शुरुआत का भी प्रतीक माना जाता है।
इस साल द्वादशी तिथि दो दिन तक रहने के कारण तुलसी विवाह की तारीख को लेकर कुछ असमंजस है। पंचांग के अनुसार, तुलसी विवाह 21 नवंबर 2026, शनिवार को मनाया जाएगा। हालांकि अलग अलग पंचाग और समय स्थान के अनुसार कुछ जगहों पर 20 नवंबर को भी तुलसी विवाह मनाया जा रहा है। यहाँ तक कि देवउठनी एकादशी भी 20 और 21 नवंबर को मनाया जा रहा है। इसमें वैष्णव परम्परा वाले 21 नम्वबर को एकादशी क व्रत रखेंगे।
तुलसी विवाह 2026 की तिथि और शुभ मुहूर्त
पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल द्वादशी तिथि 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 31 मिनट से शुरू होकर 22 नवंबर को सुबह 4 बजकर 56 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि और प्रचलित धार्मिक परंपरा के अनुसार 21 नवंबर को तुलसी विवाह करना उचित माना गया है।
तुलसी विवाह के लिए शाम का प्रदोष काल विशेष शुभ माना जाता है। इस दिन गोधूलि मुहूर्त शाम 5 बजकर 25 मिनट से 5 बजकर 52 मिनट तक रहेगा। इसी अवधि में माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराया जा सकता है। हालांकि, मुहूर्त का समय स्थान के अनुसार बदल सकता है। इसलिए अपने शहर के स्थानीय पंचांग से समय की पुष्टि जरूर कर लें।
तुलसी विवाह का क्या है धार्मिक महत्व?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, माता तुलसी को देवी लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है, जबकि शालिग्राम भगवान विष्णु के प्रतीक हैं। तुलसी और शालिग्राम का विवाह कराने से घर में सुख, शांति और समृद्धि आती है। कई परिवारों में इस आयोजन को कन्यादान के समान पुण्यदायी माना जाता है। मान्यता यह भी है कि तुलसी विवाह कराने वाले दंपती को वैवाहिक सुख की प्राप्ति होती है। जिन घरों में विवाह योग्य युवक-युवतियां हैं, वहां भी इस पूजा को शुभ माना जाता है।
कैसे करें तुलसी विवाह की पूजा?
तुलसी विवाह के दिन सुबह स्नान कर स्वच्छ वस्त्र पहनें और पूजा का संकल्प लें। शाम को तुलसी के पौधे को चुनरी, फूल-माला और अन्य सजावटी सामग्री से सजाएं। चाहें तो गन्ने से मंडप भी बना सकते हैं। इसके बाद भगवान शालिग्राम को स्नान कराकर साफ वस्त्र अर्पित करें और तुलसी के पौधे के पास स्थापित करें। माता तुलसी और शालिग्राम को रोली, चंदन, अक्षत, फूल और माला चढ़ाएं। इसके बाद फल, मिठाई और मेवे का भोग लगाएं।
पूजा के दौरान विवाह की रस्में निभाई जाती हैं। कई जगहों पर तुलसी और शालिग्राम की सात परिक्रमा भी कराई जाती है। अंत में आरती कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करें। तुलसी विवाह के साथ ही धार्मिक रूप से विवाह और अन्य मांगलिक आयोजनों का शुभ दौर शुरू माना जाता है।