Bihar Teacher News: बिहार में फर्जी दस्तावेजों से नौकरी पाने वाले शिक्षकों पर गिरेगी गाज, 30 अप्रैल तक जांच पूरी करने का आदेश

Bihar Teacher News:बिहार के सरकारी स्कूलों में फर्जी दस्तावेजों के सहारे नौकरी हासिल करने वाले शिक्षकों की अब खैर नहीं है। ...

फर्जी दस्तावेजों से नौकरी पाने वाले शिक्षकों पर गिरेगी गाज- फोटो : X

Bihar Teacher News:बिहार के सरकारी स्कूलों में फर्जी दस्तावेजों के सहारे नौकरी हासिल करने वाले शिक्षकों की अब खैर नहीं है। शिक्षा विभाग ने ऐसे शिक्षकों की पहचान कर उनके नियुक्ति और शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की सघन जांच कराने का फरमान जारी किया है। सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) को 30 अप्रैल 2027 तक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन) विजय कुमार पांडेय ने शनिवार को इस बाबत सभी जिलों को आदेश जारी किया है।

विभाग ने फर्जीवाड़े के मामलों को चार श्रेणियों में बांटकर जांच का खाका तैयार किया है। इसमें फर्जी नियुक्ति पत्र के आधार पर नौकरी करना, किसी दूसरे व्यक्ति के नाम या उसकी जगह पर शिक्षक बनकर काम करना, अमान्य संस्थान से हासिल प्रमाण पत्र के जरिए नियुक्ति पाना और मान्य संस्थान के नाम पर जाली शैक्षणिक दस्तावेज तैयार कर नौकरी हासिल करना शामिल है। इन सभी मामलों में नियुक्ति से जुड़े अभिलेखों और शैक्षणिक प्रमाण पत्रों का बारीकी से मिलान किया जाएगा।

जांच का दायरा कक्षा एक से 12वीं तक के सभी शिक्षकों के अलावा प्रधान शिक्षक और प्रधानाध्यापकों तक बढ़ाया गया है। पंचायती राज संस्थाओं, नगर निकायों से नियुक्त पुराने शिक्षकों और बिहार लोक सेवा आयोग के जरिए बहाल शिक्षकों के दस्तावेज भी खंगाले जाएंगे।

विभागीय आदेश में साफ किया गया है कि जांच के दौरान जाली दस्तावेजों के सहारे नौकरी पाने के प्रथमदृष्ट्या प्रमाण मिलने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू होगी। प्रमाण पत्र अमान्य या फर्जी पाए जाने पर सेवा समाप्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। यानी दोषी शिक्षकों को नौकरी से हाथ धोना पड़ सकता है।

इसके अलावा TRE-3 के तहत नियुक्त शिक्षकों के आवासीय प्रमाण पत्रों की भी जांच होगी। उत्तर प्रदेश के कुछ अभ्यर्थियों द्वारा कथित तौर पर फर्जी आवासीय प्रमाण पत्र के आधार पर बिहार में नौकरी पाने की शिकायत मिली है। इस सिलसिले में प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने BPSC सचिव से प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराने का अनुरोध किया है। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।