शिक्षकों को भारी पड़ेगी यह गलती! पटना DEO ने जारी किया नया फरमान, 9 सख्त निर्देश

जारी निर्देश के मुताबिक, किसी भी लिपिक की टेबल के आसपास शिक्षक या शिक्षिका की मौजूदगी नहीं होनी चाहिए। यदि निरीक्षण के दौरान किसी लिपिक की टेबल पर शिक्षक या शिक्षिका पाए जाते हैं, तो संबंधित लिपिक के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई होगी

Patna DEO- फोटो : news4nation

Bihar Education News :  बिहार के शिक्षा विभाग में काम कराने के नाम पर अनावश्यक आवाजाही, कर्मचारियों से संपर्क और टेबलों के आसपास भीड़ लगाने की व्यवस्था अब नहीं चलेगी। पटना जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में अनुशासन बनाए रखने के नाम पर शिक्षकों और कार्यालय कर्मियों, दोनों के लिए सख्त नियम लागू किए गए हैं। अब कोई शिक्षक या शिक्षिका लिपिकों की टेबल के आसपास नहीं दिखेंगे। यदि किसी लिपिक की टेबल पर शिक्षक या शिक्षिका पाए जाते हैं, तो संबंधित लिपिक के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी। इतना ही नहीं, कार्यालय कर्मियों की गतिविधियों पर भी सीसीटीवी कैमरों के जरिए नजर रखी जाएगी।


पटना की जिला शिक्षा पदाधिकारी सरस्वती कुमारी ने 25 नवंबर को आयोजित बैठक के बाद इस संबंध में नौ निर्देश जारी किए हैं। आदेश का उद्देश्य जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय का सुव्यवस्थित संचालन और कार्यालयी कार्यों में अनुशासन सुनिश्चित करना बताया गया है।


लिपिकों और शिक्षकों के बीच अनावश्यक संपर्क पर रोक

जारी निर्देश के मुताबिक, किसी भी लिपिक की टेबल के आसपास शिक्षक या शिक्षिका की मौजूदगी नहीं होनी चाहिए। यदि निरीक्षण के दौरान किसी लिपिक की टेबल पर शिक्षक या शिक्षिका पाए जाते हैं, तो संबंधित लिपिक के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई के लिए सक्षम पदाधिकारी को सूचित किया जाएगा। इसके अलावा लिपिक और कार्यालय कर्मी बिना पर्याप्त कारण किसी शिक्षक या शिक्षिका से व्यक्तिगत रूप से, मोबाइल या दूरभाष पर बातचीत नहीं करेंगे।


कर्मियों की मनमानी पर भी रहेगी नजर

कार्यालय अवधि में किसी भी कर्मी को अपना निर्धारित स्थान छोड़कर इधर-उधर घूमने की अनुमति नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान कोई कर्मी अपने चिह्नित स्थान से अलग पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सभी कर्मियों को निर्धारित समय तक कार्यालय में उपस्थित रहने और विभागीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मिलने वाले निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।


शिक्षकों की समस्या सुनने के लिए तय हुआ समय

आदेश में शिक्षकों के लिए भी समय निर्धारित किया गया है। सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को विद्यालय कार्यावधि के दौरान अपने विद्यालय में उपस्थित रहना होगा। किसी आवश्यक काम से जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय आने की स्थिति में वे संबंधित जिला कार्यक्रम पदाधिकारी या जिला शिक्षा पदाधिकारी के समक्ष अपनी समस्या दोपहर 4 बजे से शाम 5 बजे के बीच रख सकेंगे। यानी अब शिक्षकों को अपनी समस्याएं रखने के लिए निर्धारित समय का ही पालन करना होगा।


सीसीटीवी से होगी निगरानी, प्रवेश द्वार पर बनेगा हेल्प डेस्क

कार्यालय और परिसर की चारों दिशाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उन्हें नियमित रूप से चालू रखने का निर्देश दिया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी स्वयं समय-समय पर कैमरों और उनकी व्यवस्था का भौतिक सत्यापन करेंगी। वहीं, मुख्य प्रवेश द्वार पर 'May I Help You' बोर्ड के साथ टेबल, कुर्सी और पंजी की व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को जरूरी जानकारी मिल सके।


इसके अतिरिक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा अग्रसारित डाक और पत्र संबंधित जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों तक समय पर पहुंचाने तथा अति आवश्यक पत्र उसी दिन उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया है।

अभिजीत की रिपोर्ट