Bihar Election 2025: बाहुबली नेता रीतलाल यादव आज करेंगे दानापुर से नामांकन, RJD की टिकट से जेल में बंद विधायक लड़ेंगे चुनाव
Bihar Election 2025: दानापुर से राजद विधायक रीतलाल यादव आज राजद की टिकट से नामांकन कर सकते हैं। भागलपुर जेल से रीतलाल यादव पटना के लिए रवाना हो चुके हैं। पढ़िए आगे...
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। मिली जानकारी अनुसार दानापुर से राजद विधायक एक बार फिर दानापुर से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। जानकारी अनुसार राजद की टिकट से एक बार फिर रीतलाल यादव चुनावी मैदान में उतरेंगे। रीतलाल यादव फिलहाल भागलपुर जेल में बंद हैं। वहीं पहले चरण के नामांकन का कल यानी 17 अक्टूबर को आखिरी दिन है। ऐसे में माना जा रहा है कि आज ही रीतलाल यादव नामांकन करेंगे।
जेल से रवाना हुए रीतलाल यादव
सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार गुरुवार की सुबह सुबह भागलपुर जेल से पटना के लिए रीतलाल यादव रवाना हो गए हैं। पटना में रीतलाल यादव तेजस्वी से मिलेंगे। माना जा रहा है कि आज उन्हें राजद का सिंबल मिलेगा। जानकारी अनुसार आरजेडी के टिकट पर फिर दानापुर सीट से रीतलाल यादव चुनाव लड़ेंगे। रीतलाल यादव आज ही नामांकन कर लें कार्यकर्ताओं की ओर से इसकी पूरी कोशिश की जा रही है। बता दें कि 11 बजे से 3 बजे तक नामांकन होता है।
जेल में बंद हैं रीतलाल यादव
रीतलाल यादव ने बिल्डर से 50 लाख की रंगदारी मांगने के मामले में 17 अप्रैल को दानापुर कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। जिसके बाद उन्हें बेऊर जेल भेज दिया गया। वहीं बेऊर जेल में बंद रीतलाल यादव लगातार अपने लोगों से मिल रहे थे जो पहले से ही अगल अगल मामलों में बेऊर जेल में बंद थे। जब इस बात की भनक पटना पुलिस को लगी तो पुलिस को आशंका हुई कि रीतलाल यादव जेल में बैठे बैठे किसी बड़ी आपराधिक घटना को अपने लोगों के द्वारा अंजाम दिलवा सकता है। जिसके कारण उन्हें भागलपुर जेल भेज दिया गया।
दानापुर से दूसरी बार करेंगे नामांकन
रीतलाल यादव ने 2020 बिहार विधानसभा चुनाव में दानापुर से जीता था। उन्होंने सत्यनारायण सिन्हा की पत्नी आशा देवी को हराया। रीतलाल यादव ने पहली बार 2010 में राजद की टिकट से विधानसभा चुनाव लड़ा लेकिन वो हार गए। 2015 में जदयू से गठबंधन के कारण उन्हें राजद से टिकट नहीं मिल सका। वहीं 2016 में जेल में बंद रहते हुए उन्होंने बिहार विधान परिषद का चुनाव लड़ा और विधान परिषद के सदस्य बने। अगस्त 2020 में जेल से रिहा होने के बाद उन्होंने राजद की टिकट से दानापुर से चुनाव लड़ा और जीता भी। वहीं अब एक बार फिर रीतलाल यादव चुनावी मैदान में उतर सकते हैं।