अनंत सिंह को साथ लेकर घूमने वाले केंद्रीय मंत्री ललन सिंह पर बरसे भाजपा के ललन सिंह, मोकामा चुनाव में होगी बड़ी टक्कर

मोकामा विधानसभा क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के खिलाफ एनडीए गठबंधन में शामिल भाजपा नेता ललन सिंह ने गंभीर आरोप लगाए हैं. मोकामा में अब चुनाव में ललन सिंह अनंत सिंह को कड़ी टक्कर देते दिख सकते हैं.

Mokama : मोकामा विधानसभा क्षेत्र से आन वाले भाजपा नेता ललन सिंह ने केंद्रीय मंत्री सह मुंगेर सांसद राजीव रंजन उर्फ़ ललन सिंह पर मोकामा की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है. एनडीए के घटक दल जदयू के शीर्ष नेताओं में एक ललन सिंह के खिलाफ मोकामा वाले ललन सिंह का तीखा हमला अब आम लोगों के बीच कई सवालों को जन्म दे रहा है. मोकामा की उपेक्षा का सवाल उठाकर उन्होंने विधानसभा चुनाव के पहले भाजपा से दूरी बनाने का भी संकेत दे दिया है और अब ऐसी संभावना जताई जा रही है कि वे विधानसभा चुनाव में एनडीए प्रत्याशी को चुनौती देते दिख सकते हैं. 


ललन सिंह ने मुंगेर सांसद से अपने सोशल मीडिया के माध्यम से तीखा सवाल दागा है. मुंगेर संसदीय क्षेत्र में आने वाले मोकामा के हक में आवाज बुलंद करते हुए उन्होंने लिखा है, 'मोकामा की उपेक्षा अब और नहीं चलेगी! मुंगेर लोकसभा के सांसद सह केंद्रीय मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह ‘ललन बाबू’ के कार्यकाल में मोकामा विधानसभा क्षेत्र लगातार उपेक्षित है। मुंगेर में मदर डेयरी खुल सकती है, जमालपुर में रेल कारखाना का विकास हो सकता है, तो फिर हमारे मोकामा विधानसभा क्षेत्र से इतनी नफ़रत क्यों? हमारे मोकामा की उपेक्षा क्यों? क्या मोकामा सिर्फ आयातित संगठित अपराधियों और रीलबाज़ जोकरों की शरणस्थली बनकर रह जाएगी? या फिर हमारे मोकामा में भी विकास की बयार बहेगी?


उन्होंने आगे लिखा है, 'अब जनता पूछ रही है — मोकामा का हक़ कब मिलेगा? मोकामा में बंद पड़े उद्योग कब खुलेंगे? मोकामा में बने ट्रामा सेंटर में केबिनेट से पास 72 डॉक्टर और कर्मचारी कब से अपनी सेवा देंगे?  मोकामा और हथीदह जंक्शन जैसे रेलवे स्टेशन का विकास कब होगा? मोकामा को उसका अधिकार दो — विकास दो, सम्मान दो!' 


अनंत सिंह के साथ घूमे थे केंद्रीय मंत्री 

मोकामा में हाल में हुए  एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने मोकामा के पूर्व विधायक बाहुबली अनंत सिंह के साथ शिरकत की थी. उस बैठक में मोकामा वाले ललन सिंह ने नहीं गए थे. इतना ही नहीं जेल से बाहर आने के बाद उनकी करोड़ों रुपए की गाड़ी में बैठकर मुंगेर सांसद ने अनंत सिंह के साथ क्षेत्र भ्रमण किया था. वहीं एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में ललन सिंह ने अनंत सिंह को मोकामा के रक्षक करार दिया था. 


मोकामा में अनंत सिंह को चुनौती  

ललन सिंह और अनंत सिंह के बीच मोकामा में वर्ष 2005 से ही सियासी लड़ाई जारी है. हालांकि तब से हुए तमाम चुनावों में ललन सिंह या उनकी पत्नी को जीत नहीं मिली. बावजूद इसके वे मोकामा में विकास नहीं होने का कारण अनंत सिंह को बताते रहे हैं. वहीं अब उन्होंने मुंगेर सांसद को सीधे निशाने पर लिया है.माना जा रहा है कि इस समय ललन सिंह का ललन सिंह के खिलाफ मोर्चा खोलना उनकी सियासी रणनीति का हिस्सा है. वे 6 नवम्बर को होने वाले मोकामा विधानसभा चुनाव में अनंत सिंह के खिलाफ महागठबंधन को मजबूत करते नजर आ सकते हैं. 


सूरजभान-ललन आएंगे एक साथ !

मोकामा में अगर एनडीए से अनंत सिंह को टिकट मिलता है तो माना जा रहा है कि इस बार बाहुबली सूरजभान सिंह और ललन सिंह एक साथ होकर सियासी दमखम दिखाएंगे. वर्ष 2000 के विधानसभा चुनाव में अनंत सिंह के भाई दिलीप सिंह को जेल में रहते हुए चुनाव हराने का इतिहास सूरजभान रच चुके हैं. एक बार फिर से मोकामा में उसी इतिहास को दोहराने के लिए फिर से सूरजभान और ललन की जोड़ी वर्ष 2025 में एक साथ दिख सकती है. केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के खिलाफ ललन सिंह का मोकामा को लेकर सवाल उठाना भी उसी का संकेत माना जा रहा है. 

कमलेश की रिपोर्ट