मुख्य चुनाव आयुक्त का बिहार दौरा तय, 5 अक्टूबर को समीक्षा बैठक के बाद हो सकती है चुनाव के तारीख़ों की घोषणा

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने दोनों चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी के साथ 4 और 5 अक्टूबर को बिहार दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे मुख्य निर्वाचन अधिकारी और अन्य शीर्ष अधिकारियों के साथ चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त का बिहार दौरा तय- फोटो : social Media

Bihar vidhansabha Chunav 2025: बिहार में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी अब पूरे उफ़ान पर है। राजधानी पटना से लेकर दिल्ली तक सियासी गलियारों में हलचल तेज़ हो चुकी है। चुनाव आयोग ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने दोनों चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी के साथ 4 और 5 अक्टूबर को बिहार दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे मुख्य निर्वाचन अधिकारी और अन्य शीर्ष अधिकारियों के साथ चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।

दौरे से पहले ही शुक्रवार को दिल्ली में आयोग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों की अहम बैठक बुलाई गई है। यह बैठक द्वारका के IIIDEM कैंपस में सुबह 10 बजे होगी, जिसमें चुनाव से जुड़े सभी पर्यवेक्षक, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे। चुनाव आयोग की परंपरा रही है कि किसी राज्य में पूर्ण आयोग की यात्रा के बाद ही चुनाव की तारीखों की घोषणा की जाती है। ऐसे में राजनीतिक हलकों में यह कयास मज़बूती से लगाए जा रहे हैं कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की घोषणा 5 अक्टूबर के बाद कभी भी हो सकती है।

आयोग ने चुनावी पारदर्शिता और निष्पक्षता को ध्यान में रखते हुए भारीभरकम पर्यवेक्षक दल नियुक्त किया है। 320 आईएएस और 60 आईपीएस सहित कुल 470 अधिकारी बिहार चुनाव और अन्य 8 राज्यों के उपचुनावों के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाए गए हैं।

इधर, चुनाव आयोग ने बिहार की फाइनल वोटर लिस्ट भी जारी कर दी है। इसमें 14 लाख नए वोटर जुड़े हैं। अब राज्य में कुल 7.41 करोड़ वोटर चुनावी जंग में अपनी भूमिका निभाने को तैयार हैं।

 जून 2025 में एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने पर बिहार में वोटरों की संख्या 7.89 करोड़ थी।

ड्राफ्ट लिस्ट से पहले 65 लाख वोटरों के नाम हटाए गए।

 ड्राफ्ट लिस्ट में और 4 लाख अयोग्य वोटर हटाए गए।

 वहीं, 21 लाख नए योग्य वोटर फॉर्म-6 के ज़रिए जोड़े गए।

अब फाइनल लिस्ट के साथ चुनाव आयोग ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि बिहार की चुनावी जंग किसी भी वक्त ऐलान के साथ शुरू हो सकती है। वोटर अपनी डिटेल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/  पर जाकर देख सकते हैं।