Bihar vidhansabha chunav 2025: NDA के पक्ष में दलितों का सबसे बड़ा जुटान, हम पार्टी का गांधी मैदान में दलित समागम, CM नीतीश भी करेंगे शिरकत....

Bihar vidhansabha chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में सियासत गरमाने लगी है। इसी कड़ी में आज हम प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी पटना के गांधी मैदान में दलित समागम का आयोजन करने वाले हैं।

 Dalit Sammelan
Dalit Sammelan in Gandhi Maidan- फोटो : news4nation

Bihar vidhansabha chunav 2025: बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी की पार्टी हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (HAM) ने आज यानी शुक्रवार को पटना के गांधी मैदान में दलित समागम का आयोजन किया है। इस कार्यक्रम में बिहार के सभी जिलों से एक लाख से ज्यादा लोगों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है। HAM ने इस रैली के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, आरएलएम प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा समेत एनडीए के कई बड़े नेताओं को आमंत्रित किया है।

जीतन राम मांझी का दलित समागम 

जानकारी अनुसार इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, रालोमो अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा समेत एनडीए के कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। पार्टी ने समागम की तैयारियां पूरी कर ली हैं। पार्टी अध्यक्ष और मंत्री संतोष कुमार सुमन ने गांधी मैदान पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। बता दें कि आज से बिहार विधानमंडल का बजट सत्र भी शुरु हो रहा है और साथ ही माना जा रहा है कि आज केंद्रीय मंत्री इस आयोजन के साथ बिहार विधानसभा चुनाव का विगुल भी फूकेंगे। 

राष्ट्रीय अध्यक्ष का दावा

इसको लेकर HAM के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार में मंत्री संतोष कुमार सुमन ने गुरुवार को बताया कि इस समागम में दलित और वंचित जातियों के लोग बड़ी संख्या में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों के आवागमन, ठहरने और भोजन की पूरी व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम को HAM सुप्रीमो जीतनराम मांझी संबोधित करेंगे। संतोष सुमन ने दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा सहित एनडीए के कई प्रमुख नेता इस रैली में शामिल होंगे।

18 अनुसूचित जातियां लेंगी हिस्सा 

उन्होंने बताया कि दलित समागम की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, और समर्थकों का पटना पहुंचना शुरू हो गया है। इस आयोजन के जरिए दलितों के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक उत्थान को बल मिलेगा। साथ ही वंचित अनुसूचित जाति मोर्चा के समर्थन से इसमें शामिल लोगों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। इधर, वंचित अनुसूचित जाति मोर्चा के संयोजक डॉ. संजय वाल्मीकि ने बताया कि समागम में 18 अनुसूचित जातियों के लोग भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि वंचित दलित समाज हम पार्टी के साथ मजबूती से खड़ा है और मोर्चा की प्रमुख मांगों में अनुसूचित जातियों का वर्गीकरण, आयोग का गठन और पदोन्नति में आरक्षण शामिल हैं।

HAM और एनडीए के रिश्तों में तनाव?

गौरतलब है कि बिहार में अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। हाल ही में हुए नीतीश कैबिनेट विस्तार में कई मंत्रियों के विभाग बदले गए, जिसमें HAM कोटे से मंत्री संतोष सुमन के दो महत्वपूर्ण विभाग छीन लिए गए। उनका सूचना प्रौद्योगिकी विभाग कृष्ण कुमार मंटू और आपदा प्रबंधन विभाग विजय मंडल को सौंप दिया गया। इसे लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि जीतनराम मांझी की पार्टी जेडीयू और बीजेपी से नाराज हो सकती है।

Editor's Picks