Bihar Election 2025: तेजस्वी यादव को लगा बड़ा झटका, राजद विधायक प्रकाश वीर और विभा देवी ने दिया इस्तीफा, अब इस पार्टी का थामेंगे हाथ
Bihar Election 2025: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को चुनाव से पहले बड़ा झटका लगा है। तेजस्वी यादव की पार्टी में बड़ी टूट देखने को मिल रही है। राजद के दो विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के घोषणा होते ही नेताओं का दल बदलने का सिलसिला शुरु हो गया है। टिकट ना मिलने या टिकट कटने के डर में विधायक एक पार्टी को छोड़ दूसरी पार्टी का हाथ थाम रहे । इसी कड़ी में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को बड़ा झटका लगा है। तेजस्वी यादव के दो विधायकों ने चुनाव से ठीक पहले पार्टी से नाता तोड़ लिया है। राजद विधायक प्रकाश वीर और विभा देवी ने राजद पार्टी और बिहार विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार अब दोनों भाजपा का दामन थामेंगे।
राजद के विधायकों ने छोड़ा साथ
गौरतलब हो कि अगस्त में पीएम मोदी की गया रैली के दौरान राजद के नवादा से विधायक विभा देवी और रजौली से विधायक प्रकाश वीर भाजपा के मंच पर मौजूद नजर आए थे। तभी से कयास लगाए जा रहे थे कि दोनों पार्टी से इस्तीफा देने वाले हैं। हालांकि बाद में दोनों विधायकों ने कहा कि वो केवल कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंचे थे। वहीं अब दोनों विधायकों ने राजद का साथ छोड़ दिया है।
कौन है विभा देवी
मालूम हो कि, नवादा से राष्ट्रीय जनता दल के विधायक विभा देवी राजवल्लभ प्रसाद यादव की पत्नी है। राजबल्लभ प्रसाद यादव को बलात्कार मामले में पिछले दिनों ही पटना हाई कोर्ट से बरी किया गया था। उसके बाद से ही उनके एनडीए में आने के आसार लगाए जा रहे थे। राजद विधायक विभा देवी ने वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में नवादा सीट से बड़ी जीत दर्ज की थी। उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार श्रवण कुमार को 26,310 वोटों के भारी अंतर से शिकस्त दी थी। विभा देवी का राजनीतिक सफर काफी दिलचस्प रहा है। वे राजद के पूर्व विधायक राजवल्लभ यादव की पत्नी हैं। पति के जेल जाने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा और पार्टी संगठन के साथ मजबूत तालमेल बनाते हुए अपनी पहचान स्थापित की। नवादा जैसे अहम क्षेत्र से मजबूत जीत दर्ज करने के बाद विभा देवी लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव कैंप की प्रमुख और भरोसेमंद विधायक मानी जाती थी, हालांकि अब उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।
कौन है प्रकाश वीर
प्रकाश वीर 2020 में RJD के टिकट पर विधायक बने थे। उन्हें कुल 69,984 वोट मिले थे। दूसरे नंबर पर रहे बीजेपी उम्मीदवार कन्हैया कुमार को 57,391 वोट मिले थे। प्रकाश वीर का आरजेडी से जुड़ाव काफी पुराना है। वे पार्टी संगठन में जमीनी स्तर से सक्रिय रहे हैं और राजौली क्षेत्र में उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है। स्थानीय राजनीति में उनकी सक्रिय भूमिका और जनसंपर्क को उनकी जीत का अहम कारण माना गया।