Bihar Election 2025: NDA से अलग होंगे उपेंद्र कुशवाहा? सीट बंटवारे के बाद किया भावुक पोस्ट, कार्यकर्ताओं से मांगी माफी
Bihar Election 2025: कई घरों में खाना नहीं बना होगा...मन उदास होगा...लेकिन...सीट बंटवारे के बाद सोशल मीडिया पर ट्विट कर उपेंद्र कुशवाहा ने अपने कार्यकर्ताओं से भावुक अपील करते हुए माफी मांगी है।
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए तमाम खींचातानी के बाद आखिरकार एनडीए में सीटों का बंटवारा हो गया है। बीते दिन भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। जिसके बाद वरिष्ठ नेताओं ने सीट बंटवारे का ऐलान कर दिया। सीट बंटवारे को लेकर अब भी एनडीए में नाराजगी देखी जा रही है। इस बंटवारे में बीजेपी और जेडीयू को बराबर की हिस्सेदारी मिली है, जबकि छोटे सहयोगियों को भी सम्मानजनक सीटें दी गई हैं। लेकिन सहयोगी पार्टियों की नाराजगी झलकने लगी है।
एनडीए में सीट बंटवारा
एनडीए में सीटों के बंटवारे में सबसे महत्वपूर्ण फैसला भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनता दल यूनाइटेड (JDU) को लेकर लिया गया है। दोनों ही दल 101-101 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे। गठबंधन में छोटे दलों को भी उनकी राजनीतिक ताकत के अनुसार समायोजित किया गया है। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) (LJP-RV) को 29 सीटें दी गई हैं। उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) और जीतन राम मांझी की हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) को 6-6 सीटों पर चुनाव लड़ने का मौका मिला है।इस तरह, एनडीए ने अपने सभी सहयोगियों को साधते हुए एक व्यापक चुनावी गठबंधन तैयार कर लिया है। वहीं 6 सीटें मिलने के बाद उपेंद्र कुशवाहा ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की है।
कार्यकर्ताओं से मांगी माफी
सीट शेयरिंग के बाद रालोमो प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने सोशल मीडिया पर ट्विट कर ऐसा बयान दिया है जिससे कयास लगने लगे हैं कि कुशवाहा एनडीए छोड़ सकते हैं। एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है कि क्या उपेंद्र कुशवाहा एनडीए से नाता तोड़ सकते हैं। कुशवाहा ने सीट शेयरिंग के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर ट्विट कर अपने कार्यकर्ताओं से माफी मांगी है। उन्होंने यह भी कहा है कि आने वाला समय कुछ बताएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि कार्यकर्ता उनकी विवश्ता को समझे।
उपेंद्र कुशवाहा का भावुक पोस्ट
उपेंद्र कुशवाहा ने सोशल मीडिया पर ट्विट कर लिखा कि, "प्रिय मित्रों/साथियों, आप सभी से क्षमा चाहता हूं। आपके मन के अनुकूल सीटों की संख्या नहीं हो पायी। मैं समझ रहा हूं, इस निर्णय से अपनी पार्टी के उम्मीदवार होने की इच्छा रखने वाले साथियों सहित हजारों - लाखों लोगों का मन दुखी होगा। आज कई घरों में खाना नहीं बना होगा। परन्तु आप सभी मेरी एवं पार्टी की विवशता और सीमा को बखूबी समझ रहे होंगे। किसी भी निर्णय के पीछे कुछ परिस्थितियां ऐसी होती हैं जो बाहर से दिखतीं हैं मगर कुछ ऐसी भी होती हैं जो बाहर से नहीं दिखतीं। हम जानते हैं कि अन्दर की परिस्थितियों से अनभिज्ञता के कारण आपके मन में मेरे प्रति गुस्सा भी होगा, जो स्वाभाविक भी है। आपसे विनम्र आग्रह है कि आप गुस्सा को शांत होने दीजिए, फिर आप स्वयं महसूस करेंगे कि फैसला कितना उचित है या अनुचित। फिर कुछ आने वाला समय बताएगा। फिलहाल इतना ही। सधन्यवाद। आपका, उपेन्द्र कुशवाहा"।
क्या फैसला लेंगे कुशवाहा?
मालूम हो कि सीट शेयरिंग के लिए एनडीए में चल रही बैठकों में भी सामने आया था कि उपेंद्र कुशवाहा सीट बंटवारे से नाराज हैं। कई बार बीजेपी के वरिष्ठ नेता कुशवाहा से मिले और उन्हें मनाने की कवायद की गई लेकिन सीट शेयरिंग के बाद कुशवाहा ने सोशल मीडिया के जरिए अपना दुख जाहिर किया है। उन्होंने भावुक पोस्ट कर ना सिर्फ अपने कार्यकर्ताओं से माफी मांगी है बल्कि अपील भी की है कि वो उनकी विवशता को समझे। हालांकि अब देखना होगा कि उपेंद्र कुशवाहा क्या फैसला लेते हैं?