shahrukh khan mannat: शाहरुख के मन्नत से जुड़ा अनिल कपूर ने खोला खास राज, बताया कैसे पूरा हुआ समुद्र किनारे घर का सपना
shahrukh khan mannat: अनिल कपूर ने शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ में शाहरुख खान के बंगले मन्नत से जुड़ा खास किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि शाहरुख ने समुद्र किनारे घर का सपना कैसे पूरा किया और उन्होंने वहां फिल्म तेज़ाब की शूटिंग भी की थी।
shahrukh khan mannat: हर बड़े सपने की शुरुआत एक छोटी-सी ख्वाहिश से होती है। स्टार प्लस के शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ में भी प्रतियोगी अपनी जिंदगी के सपनों को पूरा करने के लिए बड़ी रकम जीतने की कोशिश करते हैं। शो के दौरान अभिनेता अनिल कपूर प्रतियोगियों से उनके परिवार, जिंदगी और इच्छाओं के बारे में बातचीत करते हैं। इसी दौरान कई बार फिल्मी दुनिया से जुड़े दिलचस्प किस्से भी सामने आते हैं।
आने वाले एपिसोड में अनिल कपूर शाहरुख खान के मशहूर बंगले ‘मन्नत’ से जुड़ा एक खास किस्सा सुनाते नजर आएंगे। शो में अनिल एक प्रतियोगी से पूछते हैं कि अगर वह एक करोड़ रुपये जीत जाती हैं, तो उस रकम का क्या करेंगी। इस पर प्रतियोगी मुंबई में समुद्र किनारे मन्नत जैसा घर खरीदने की इच्छा जाहिर करती हैं। प्रतियोगी की यह बात सुनकर अनिल कपूर को अपने करीबी दोस्त शाहरुख खान का सपना याद आ जाता है। वह बताते हैं कि कैसे शाहरुख ने समुद्र के सामने शानदार घर बनाने का अपना सपना पूरा किया। अनिल यह भी बताते हैं कि मन्नत से उनका अपना एक पुराना जुड़ाव है।
शाहरुख खान से पहली मुलाकात का किस्सा सुनाया
अनिल कपूर ने शाहरुख खान से अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए बताया कि दोनों कई सालों से अच्छे दोस्त हैं। उन्होंने कहा कि जब वह फिल्म ‘बेनाम बादशाह’ की शूटिंग कर रहे थे, तब शाहरुख उनसे मिलने आए थे। अनिल के मुताबिक, पहली मुलाकात में ही शाहरुख की आंखों में उन्हें एक बड़े स्टार बनने का आत्मविश्वास दिखाई दिया था। यहीं से दोनों की जान-पहचान शुरू हुई और धीरे-धीरे उनकी दोस्ती गहरी होती चली गई।
शाहरुख ने कैसे पूरा किया ‘मन्नत’ का सपना?
अनिल कपूर ने बताया कि वह और शाहरुख खान अक्सर मुंबई के कार्टर रोड पर मिलते थे। उस समय शाहरुख का वहां एक फ्लैट था। शाहरुख का सपना था कि उनका अपना एक शानदार बंगला हो, जो समुद्र के सामने हो। अनिल ने बताया कि उन्होंने शाहरुख को मन्नत खरीदते हुए देखा था। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि शाहरुख के वहां रहने आने से पहले उन्होंने इसी बंगले में अपनी फिल्म ‘तेज़ाब’ की शूटिंग की थी। इस तरह मन्नत से अनिल कपूर की भी एक पुरानी याद जुड़ी हुई है। शो में सुनाया गया यह किस्सा शाहरुख और अनिल की दोस्ती के साथ-साथ एक बड़े सपने के पूरा होने की कहानी भी बताता है।