हाईकोर्ट का बड़ा फैसला : संथाल परिवारों की बेटियों को पिता की संपत्ति में अधिकार, रीति-रिवाज नहीं छीन सकते विरासत का हिस्सा

संपत्ति से जुड़े उत्तराधिकारी मामले में झारखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला सामने आया है। 41 साल पुराने मामले में सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कहा है कि संथाल परिवारों की बेटियों का अपने पिता की संपत्ति पर अधिकार है। रीति-रिवाज विरासत का हिस्सा नहीं छीन सकते

हाईकोर्ट का बड़ा फैसला- फोटो : सांकेतिक तस्वीर

Ranchi : हाई कोर्ट ने संपत्ति के उत्तराधिकार से जुड़े 41 साल पुराने एक मामले में फैसला सुनाते हुए कहा है कि संथाल परिवारों की बेटियों का अपने पिता की संपत्ति पर अधिकार है और उन्हें इस अधिकार से वंचित करने वाली पारंपरिक प्रथाओं को कानूनी जांच से गुजरना होगा। मुख्य न्यायाधीश एम.एस. सोनक और न्यायमूर्ति राजेश शंकर की खंडपीठ ने इस मामले पर सुनवाई करते हुए यह आदेश पारित किया और जामताड़ा जिले के तुरका गांव में भूमि विवाद के मामले में अधीनस्थ अपीलीय अदालत के फैसले को बरकरार रखा।


रीति-रिवाज नहीं छीन सकते विरासत का हिस्सा, अदालत में परखी जानी चाहिए ऐसी प्रथाएं

इस मामले पर आदेश देते हुए खंडपीठ ने कहा कि कुछ रीति-रिवाज किसी संथाल परिवार की बेटी को अपने पिता की संपत्ति में अपना हिस्सा विरासत में पाने से वंचित नहीं कर सकते। पीठ ने स्पष्ट किया कि अधिकार से वंचित करने वाली ऐसी पारंपरिक प्रथाओं को पहले कानून की अदालत में परखा जाना चाहिए।


1985 में शुरू हुआ था भूमि विवाद, 1996 में एक-तिहाई हिस्से को मिली थी मान्यता

गौरतलब है कि यह विवाद वर्ष 1985 में शुरू हुआ था, जब जामताड़ा के तुरका गांव की निवासी एक संथाल महिला ने अपनी पैतृक संपत्ति पर स्वामित्व और कब्जे की मांग करते हुए याचिका दायर की थी। सुनवाई अदालत ने 5 अक्टूबर 1996 को महिला के केवल संपत्ति के एक-तिहाई हिस्से के स्वामित्व को मान्यता दी थी, जबकि पूरी संपत्ति के स्वामित्व को नहीं माना था।


2006 में प्रथम अपीलीय अदालत ने संपूर्ण संपत्ति का दावा माना, हाई कोर्ट में दी गई थी चुनौती

निचली अदालत के आदेश के बाद महिला ने प्रथम अपीलीय अदालत में अपील की थी, जिसने 4 मार्च 2006 को अधीनस्थ अदालत के आदेश में संशोधन करते हुए संपूर्ण पैतृक संपत्ति पर उसके स्वामित्व के दावे को बरकरार रखा था। इसी निर्णय को प्रतिवादियों द्वारा वर्ष 2006 में झारखंड हाई कोर्ट में चुनौती दी गई थी।


41 साल पुराने विवाद में अपीलीय अदालत का निर्णय कायम

प्रथम अपीलीय अदालत के फैसले के खिलाफ दायर चुनौती पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट की खंडपीठ ने अपीलीय अदालत के निर्णय को बरकरार रखा। इसके साथ ही पैतृक संपत्ति के उत्तराधिकार को लेकर वर्षों से चल रहे इस कानूनी विवाद में संथाल महिला के पक्ष में दिया गया अपीलीय फैसला कायम रहा।