Bihar News: मुंगेर में कष्टहरणी घाट पर 24 घंटे दलदल में जिंदगी और मौत से जूझते रहे बुजुर्ग, गोताखोरों ने बचाई जान
Bihar News: एक बुजुर्ग 24 घंटे से अधिक समय तक दलदल में फंसे रहे और जिंदगी तथा मौत के बीच जूझते रहे।
Bihar News: मुंगेर के ऐतिहासिक कष्टहरणी घाट पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बुजुर्ग 24 घंटे से अधिक समय तक दलदल में फंसे रहे और जिंदगी तथा मौत के बीच जूझते रहे। मंगलवार की सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही गोताखोर एवं आपदा मित्र विशाल कुमार और सौरव कुमार बिना देर किए मौके पर पहुंचे और बुजुर्ग को बचाने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
दलदल की गहराई और उसमें फंसे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने की चुनौती के बीच दोनों ने हिम्मत और सूझबूझ का परिचय दिया। काफी मशक्कत के बाद आखिरकार बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उनकी पहचान दिलीप वर्मा के रूप में हुई है, जो लखीसराय के निवासी बताए जा रहे हैं। बताया जाता है कि वह सोमवार से ही घाट के दलदली हिस्से में फंसे हुए थे। लंबे वक्त तक कीचड़ और दलदल में फंसे रहने के कारण उनकी हालत बिगड़ गई थी।
रेस्क्यू के बाद तत्काल एंबुलेंस की मदद से उन्हें मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां भर्ती कर उनका इलाज शुरू किया गया। बुजुर्ग के दलदल में फंसे होने की खबर फैलते ही घाट पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। हर कोई उनकी सलामती को लेकर फिक्रमंद था। जैसे ही दोनों गोताखोरों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला, लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय नागरिकों ने विशाल कुमार और सौरव कुमार के साहस, तत्परता और इंसानियत की जमकर सराहना की।
इस घटना ने कष्टहरणी घाट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रखने वाले इस घाट पर कई जगह दलदल मौजूद है, जो अनजान लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। प्रशासन को चाहिए कि खतरनाक हिस्सों की पहचान कर वहां चेतावनी बोर्ड लगाए और आवाजाही पर पाबंदी सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में किसी की जिंदगी इस तरह खतरे में न पड़े।
रिपोर्ट- मो. इम्तियाज