सिंदूर की तुलना पुरुषों के लिंग से करने वाले यश महेश्वरी पर FIR दर्ज, बिहारी महिलाओं और छठ पर की आपत्तिजनक टिप्पणी

कॉमेडियन यश महेश्वरी का एक स्टैंडअप वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें उन्होंने बिहार की विवाहित महिलाओं के छठ के दौरान नाक से मांग तक लंबा सिंदूर लगाने की परंपरा को लेकर अश्लील और आपत्तिजनक यौन उपमा का इस्तेमाल किया था।

FIR Against Comedian Yash Maheshwari
FIR Against Comedian Yash Maheshwari - फोटो : news4nation

Yash Maheshwari :  बिहार की महिलाओं और छठ के दौरान सिंदूर लगाने की परंपरा पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले स्टैंडअप कॉमेडियन यश महेश्वरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पटना पुलिस ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। यह कार्रवाई यूट्यूब चैनल @Almostyash पर पोस्ट किए गए वीडियो में बिहार की महिलाओं के प्रति कथित अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर की गई है। पटना साइबर थाने में 24 नवंबर 2026 को कांड संख्या 1550/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


सिंदूर की परंपरा पर की थी अश्लील टिप्पणी

दरअसल, कॉमेडियन यश महेश्वरी का एक स्टैंडअप वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें उन्होंने बिहार की विवाहित महिलाओं के छठ के दौरान नाक से मांग तक लंबा सिंदूर लगाने की परंपरा को लेकर अश्लील और आपत्तिजनक यौन उपमा का इस्तेमाल किया था। उन्होंने अपनी टिप्पणी में बिहारी पत्नी और बजरंगबली का भी जिक्र किया था। उनके इस बयान को लेकर बिहार की महिलाओं, छठ की परंपरा और धार्मिक आस्था का अपमान करने के आरोप लगे। सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।


विवाद बढ़ने के बाद यश महेश्वरी ने वीडियो जारी कर माफी भी मांगी थी। उन्होंने अपनी टिप्पणी को गलत स्वीकार करते हुए कहा था कि उनका किसी की भावना को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था। साथ ही भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की बात कही थी।


पटना साइबर थाने में इन धाराओं में केस दर्ज

बिहार पुलिस ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि 24 नवंबर को यूट्यूब चैनल @Almostyash के माध्यम से बिहार की महिलाओं के प्रति अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में पटना साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(1), 79, 351 और 352 के साथ आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(D) के तहत दर्ज किया गया है।


पुलिस के मुताबिक, वीडियो में की गई टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने और विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य की स्थिति पैदा होने की आशंका को देखते हुए मामले को गंभीरता से लिया गया है। फिलहाल पटना साइबर थाना मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटा है।


पटना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, अभद्र और भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।