नरपिशाच बना जेठ! रेप का विरोध करने पर महिला की बेरहमी से हत्या, फिर मांस काटकर कड़ाही में पकाया; आरोपी गिरफ्तार
झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के जोम्बारो गांव में एक शख्स ने छोटे भाई की पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने शव के टुकड़े कर मांस कढ़ाई में पकाया। पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार।
झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के अंतर्गत आने वाले जोम्बारो गांव में एक बेहद खौफनाक और इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। इस जघन्य कांड के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग दहशत में हैं। आरोप है कि एक कलयुगी जेठ ने अपने ही छोटे भाई की पत्नी के साथ दुष्कर्म की कोशिश की और विरोध करने पर कुल्हाड़ी से काटकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। हद तो तब हो गई जब उसने शव के टुकड़े कर मांस को कढ़ाई में पकाना शुरू कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी पौलुश मुंडा को गिरफ्तार कर लिया है।
मेला देखकर जेठ के घर रुकी थी महिला, नशे में धुत था आरोपी
घटनाक्रम के मुताबिक, मृतका गत 10 नवंबर की शाम गांव के बाहर आयोजित एक स्थानीय मेला और हॉकी टूर्नामेंट में हड्डी बेचने गई थी। रात अधिक हो जाने के कारण वह अपने घर जाने के बजाय अपने जेठ पौलुश मुंडा के घर पर ही रुक गई। बताया जा रहा है कि उस दौरान आरोपी पौलुश और उसके कुछ साथी बैठकर देसी शराब पी रहे थे। देर रात जब उसके साथी अपने-अपने घर चले गए और घर में महिला अकेली रह गई, तब आरोपी की नीयत पर बुरी नजर पड़ गई।
रेप का विरोध करने पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर उतारा मौत के घाट
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शराब के नशे में धुत पौलुश मुंडा की नीयत खराब हो गई और उसने छोटे भाई की पत्नी के साथ अश्लील हरकतें करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला ने इसका कड़ा विरोध किया और शोर मचाने की कोशिश की। पकड़े जाने के डर और सनक में आकर आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और महिला पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। इस भयानक हमले में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
दरिंदगी की हदें पार: शव के टुकड़े किए और कड़ाही में पकाने लगा मांस
क्रूरता की सभी सीमाएं लांघते हुए आरोपी पौलुश ने हत्या के बाद महिला के शव के कई टुकड़े कर डाले। उसने शरीर के कुछ खास अंग अलग कर लिए तथा हाथ-पैर का मांस, सांस की नली और कलेजी निकालकर एक कड़ाही में पकाने के लिए चढ़ा दिया। वहीं, शव के बाकी बचे अन्य हिस्सों को घर के पीछे स्थित एक नाली में ठिकाने लगाने के लिए फेंक दिया। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी की गतिविधियां पहले से संदिग्ध थीं और वह पहले भी जानवरों का कच्चा मांस खाता था।
परिजनों की तलाश से खुला राज, आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को दबोचा
जब देर रात तक महिला (विश्वासी सोय) अपने घर नहीं लौटी, तो उसके पति निर्मल मुंडा और अन्य परिजन उसकी खोजबीन करते हुए बाहर निकले। खोजबीन के दौरान जब वे पौलुश के घर के पास पहुँचे, तो नाली में महिला का क्षत-विक्षत शव मिला, जिसके कई अंग गायब थे। जब ग्रामीण और परिजन आरोपी के घर के भीतर गए, तो उन्होंने महिला के अंग कड़ाही में पकते हुए देखे। यह खौफनाक मंजर देख ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी पौलुश को पकड़कर रस्सी से बांध दिया, जिसके बाद बुधवार सुबह पुलिस को सूचना दी गई।