तेजस्वी ने खोली NDA विधायकों की 'क्राइम कुंडली', मैथिली ठाकुर से LJP विधायक तक के खोले गुनाह !

तेजस्वी यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा कि जब मुख्यमंत्री का संरक्षण आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को मिलता है तो विधायकों और मंत्रियों का मनोबल बढ़ जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है

Tejashwi Yadav
Tejashwi Yadav- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया के जरिए एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने और राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त होने का आरोप लगाया। तेजस्वी ने दावा किया कि एनडीए के विधायक और मंत्री ही जनता के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। उन्होंने जमीन कब्जाने, लूट, रंगदारी, भ्रष्टाचार, हथियारों की तस्करी और सरकारी अधिकारियों की हत्या जैसे गंभीर मामलों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी सवाल पूछा।


तेजस्वी यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा कि जब मुख्यमंत्री का संरक्षण आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को मिलता है तो विधायकों और मंत्रियों का मनोबल बढ़ जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है और भ्रष्टाचार तथा अपराध की घटनाएं सभी सीमाएं पार कर चुकी हैं।


जमीन कब्जाने का आरोप

तेजस्वी ने भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर और उनके पिता रमेश ठाकुर पर दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड में कई सौ करोड़ रुपये की सरकारी जमीन, सार्वजनिक सड़क, सामूहिक श्राद्धस्थल और निजी भूखंडों पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि प्रशासन ने भी कब्जे से जुड़ी शिकायतों की पुष्टि की है। हालांकि, इन आरोपों और प्रशासनिक पुष्टि के दावे पर स्वतंत्र आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।


चांदी लूट और 44 हजार कारतूस का मामला  

तेजस्वी ने दरभंगा में पश्चिम बंगाल के एक सर्राफा कारोबारी के ड्राइवर को गोली मारकर करीब 62 किलोग्राम चांदी और नकदी लूटने की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने इस मामले में विशाल महासेठ का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि उसका भाजपा के कुछ नेताओं से करीबी संबंध रहा है। तेजस्वी ने सरकार पर इस घटना को लेकर चुप्पी साधने का आरोप लगाया।


इसके अलावा उन्होंने बिहार में चंदन तिवारी, अभिषेक तिवारी, लालटू कुमार और सरस कुमार से 44 हजार जिंदा कारतूस बरामद होने का उल्लेख किया। तेजस्वी ने दावा किया कि इस कथित तस्करी गिरोह का संबंध कई टन बम और गोला-बारूद की तस्करी से भी रहा है। उन्होंने इस मामले में आरएसएस से जुड़े होने का भी आरोप लगाया।


LJP(R) के विधायकों पर भी लगाए गंभीर आरोप

तेजस्वी यादव ने चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) के एनडीए विधायकों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने बेलसंड के विधायक पर मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी जिलों में करोड़ों रुपये की जमीन कब्जाने का आरोप लगाया। तेजस्वी के मुताबिक, पुलिस ने भी 50 लोगों के एक गिरोह के सक्रिय होने की बात कही है, जो कथित तौर पर रंगदारी और गरीबों की जमीन कब्जाने का काम करता है।


उन्होंने रोहतास जिले के डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या के मामले में भी लोजपा (रामविलास) के एक विधायक का नाम आने का दावा किया। तेजस्वी ने अधिकारी की पत्नी के आरोपों का हवाला देते हुए कहा कि कमीशन नहीं देने के कारण उनके पति की हत्या कराई गई। इसके साथ ही उन्होंने भागलपुर में इसी पार्टी के एक अन्य विधायक पर 10 राउंड फायरिंग कर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया।


मंत्री पर भी लगाए गंभीर आरोप

तेजस्वी ने बिहार सरकार के एक मंत्री पर दिल्ली के पांच सितारा होटल में एक युवती के साथ कथित अभद्र व्यवहार और मामले को दबाने के लिए लेन-देन किए जाने के आरोपों का भी उल्लेख किया। उन्होंने इन तमाम घटनाओं को एनडीए सरकार के चाल, चरित्र और चेहरे का उदाहरण बताया। तेजस्वी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से सवाल किया कि एनडीए के जनप्रतिनिधियों पर सामने आ रहे इन गंभीर आरोपों पर उनका क्या कहना है। हालांकि, तेजस्वी की पोस्ट में लगाए गए आरोपों पर संबंधित नेताओं और सरकार की प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

रंजन की रिपोर्ट