थाना प्रभारी को घूस लेते ACB की टीम ने रंगे हाथ दबोचा, पुलिस महकमे मे मचा हड़कंप

घूस लेते थाना प्रभारी गिरफ्तार- फोटो : न्यूज4नेशन

N4N Desk : झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बंदगांव के थाना प्रभारी मनीष कुमार को 15,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारी पर थाने में दर्ज एक मामले में मदद करने के एवज में शिकायतकर्ता से पैसे मांगने का आरोप है।


मामले में मदद के नाम पर मांगी थी घूस

जानकारी के मुताबिक, बंदगांव थाना क्षेत्र के एक निवासी ने ACB से लिखित शिकायत की थी कि उनके मामले में राहत देने और मदद करने के बदले थाना प्रभारी मनीष कुमार द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने गोपनीय तरीके से मामले की जांच कराई, जिसमें आरोप सही पाए गए।


ACB ने बिछाया जालदोपहर 1:30 बजे हुई गिरफ्तारी

आरोप की पुष्टि होने के बाद ACB ने आरोपी पुलिस अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत के 15 हजार लेकर थाना प्रभारी के पास भेजा गया। गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे जैसे ही थाना प्रभारी मनीष कुमार ने रिश्वत की रकम ली, पहले से घात लगाकर बैठी ACB की टीम ने उन्हें रंगे हाथ धर दबोचा। टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत के 15,000 नकद भी बरामद कर लिए।


पुलिस महकमे में हड़कंपएसपी ने दिए विभागीय कार्रवाई के संकेत

थाना प्रभारी स्तर के अधिकारी की रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तारी की खबर फैलते ही पूरे पश्चिमी सिंहभूम पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पश्चिम सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने बताया कि उन्हें ACB की इस कार्रवाई की जानकारी मिली है और पूरे मामले का ब्योरा लिया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।


फिलहाल ACB की टीम आरोपी पुलिस अधिकारी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ और कानूनी कागजी कार्रवाई में जुटी हुई है।


ब्यूरो रिपोर्ट