500 रुपये के लेनदेन को लेकर खूनी संघर्ष: लाठी-डंडों से पीटकर महिला की हत्या, एक महिला समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

500 रुपये के लिए महिला हत्या- फोटो : रिपोर्टर

N4N Desk : महज 500 रुपये के लेनदेन को लेकर उपजा मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दर्दनाक घटना में आरोपियों ने लाठी-डंडों से पीटकर एक महिला की निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद से ग्रामीण इलाकों में सनसनी फैल गई है और मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना झारखंड के  पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत हाड़ीमारा गांव की है। 


मृतका जिंगी बांकिरा और आरोपियों के बीच हुआ था पैसों को लेकर विवाद

मामले की जानकारी देते हुए प्रशासन ने बताया कि मृतका जिंगी बांकिरा और आरोपियों के बीच 500 रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तकरार शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक रूप ले बैठी।


गाली-गलौज के बाद भड़का गुस्सा, आरोपियों ने लाठी-डंडों से किया हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान मृतका द्वारा आरोपियों के साथ गाली-गलौज किए जाने के बाद मामला और अधिक बढ़ गया। गुस्से में आपा खो चुके आरोपियों ने महिला पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस गंभीर मारपीट में महिला को भारी चोटें आईं, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।


एसडीपीओ मो. सैयद मुस्तफा हाशमी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया मामले का खुलासा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की। एएसपी सह पोड़ाहाट अनुमंडल के एसडीपीओ मो. सैयद मुस्तफा हाशमी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक महिला समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार सभी आरोपी एक ही परिवार के सदस्य और आपस में रिश्तेदार हैं।


पुलिस कर रही है आगे की कानूनी कार्रवाई, इलाके में पसरा मातम

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामूली सी रकम के विवाद में एक महिला की जान चले जाने से पूरे हाड़ीमारा गांव में शोक और तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस प्रशासन स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है।