बड़ा रेल हादसा: कोयले से लदी मालगाड़ी के 5 डिब्बे बेपटरी, बिलासपुर-बीना रेल मार्ग बाधित, डीआरएम सहित भारी अमला मौके पर

बिलासपुर से वडोदरा जा रही कोयला लदी मालगाड़ी कटनी के बाबा घाट के पास बेपटरी हो गई। हादसे में 5 डिब्बे पटरी से उतरे, जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ है। राहत कार्य जारी।

N4N Desk - : बिलासपुर-बीना रेल खंड पर शनिवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। बिलासपुर से कोयला लेकर गुजरात के वडोदरा जा रही एक मालगाड़ी कटनी मुड़वारा स्टेशन से पहले बाबा घाट के पास बेपटरी हो गई। हादसे में मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे इस व्यस्त रेल मार्ग पर परिचालन पूरी तरह ठप हो गया है।

धमाके के साथ पटरी से उतरे डिब्बे, बिखरा कोयला

जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी कोयला लोड करके वडोदरा की ओर बढ़ रही थी। सुबह लगभग 11 बजे जैसे ही ट्रेन एनकेजे (New Katni Junction) से कटनी मुड़वारा की ओर बढ़ी, बाबा घाट केबिन के पास अचानक तेज धमाके के साथ पांच डिब्बे पटरी से नीचे उतर गए। हादसे के बाद डिब्बों में भरा कोयला ट्रैक पर बिखर गया और पटरियां भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं।

चालक की सूझबूझ से थमी गाड़ी

ट्रेन के बेपटरी होते ही चालक ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर गाड़ी रोकी और इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मालगाड़ी के डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे महकमे में अफरा-तफरी मच गई।

राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी

हादसे की सूचना मिलते ही जबलपुर से डीआरएम (DRM) सहित वरिष्ठ रेल अधिकारी और एनकेजे, कटनी, जबलपुर व सतना से दुर्घटना राहत ट्रेन (ART) और तकनीकी टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। ट्रैक को साफ करने और बेपटरी हुए डिब्बों को क्रेन की मदद से हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है।

रेल यातायात पर पड़ा असर

इस हादसे के कारण बिलासपुर-बीना रूट का रेल आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई यात्री ट्रेनों को बीच रास्ते में रोका गया है या उनके रूट बदले जा रहे हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने की है ताकि परिचालन सामान्य हो सके।