Viral Video : दमकल गाड़ी से बीजेपी विधायक की कार धोने का वीडियो वायरल, सरकारी संसाधनों के उपयोग पर उठे सवाल
Viral Video : फायर ब्रिगेड की गाडी से बीजेपी विधायक की इनोवा कार धोने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया है. जिसके बाद विधायक ने खुद अपनी सफाई दी है..........पढ़िए आगे
N4N DESK : मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से सामने आया यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। सिंगरौली विधानसभा से बीजेपी विधायक रामनिवास शाह के बिलौंजी स्थित आवास के बाहर दमकल गाड़ी से उनकी निजी इनोवा कार धोए जाने का वीडियो वायरल हो रहा है।
सरकारी मशीनरी पर सवाल
वायरल वीडियो में फायर ब्रिगेड के तीन कर्मचारी पाइप से पानी की बौछार मारकर विधायक की इनोवा कार को चमकाते नजर आ रहे हैं। जिसके बाद आपातकालीन सेवाओं और आपदा से निपटने के लिए तैनात फायर ब्रिगेड व उसके कर्मचारियों का उपयोग एक जनप्रतिनिधि की निजी गाड़ी धोने में होने पर स्थानीय लोगों और विपक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई है।
विपक्ष का हमला
वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस सहित विपक्षी नेताओं ने इसे 'सरकारी संसाधनों का निजी इस्तेमाल' करार दिया है। सोशल मीडिया पर टैक्सपेयर्स के पैसों के दुरुपयोग को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
विधायक रामनिवास शाह की सफाई
विवाद बढ़ता देख विधायक ने सफाई देते हुए कहा कि कोई भी सांसद या विधायक अपनी गाड़ी खुद नहीं धोता। उन्होंने दावा किया कि दमकल की गाड़ी पास में ही नगर निगम अध्यक्ष/महापौर के घर पानी भरने आई थी और वहां खड़ी इनोवा पर ड्राइवर ने पानी मार दिया। विधायक ने यह भी कहा कि उन्होंने इसके लिए अपने ड्राइवर को डांट लगाई है। वहीँ सिंगरौली नगर निगम कमिश्नर सविता प्रधान ने इस घटना की जानकारी न होने की बात कही है।