कांग्रेस की बड़ी कार्रवाई, पार्टी के इस नेता को 6 साल के लिए किया निष्कासित, जानिए क्या है वजह?

PATNA: कांग्रेस पार्टी ने अपने एक नेता पर कड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने उन्हें 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। दरअसल, यह कार्रवाई कांग्रेस ने नेता के पार्टी ''पार्टी विरोधी बयानों और अनुशासनहीनता" के आरोप में की है। बता दें कि, कांग्रेस ने अपने पूर्व सांसद संजय निरुपम को ''पार्टी विरोधी बयानों और अनुशासनहीनता" के आरोप में बुधवार को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। 

कांग्रेस अध्यक्ष ने की कार्रवाई

इसकी सूचना पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने की है। जिसमें कहा गया है कि, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अनुशासनहीनता और पार्टी के खिलाफ बयानों की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए संजय निरुपम को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। वहीं इसके पहले कांग्रेस ने निरुपम का नाम स्टार प्रचारकों की सूची से हटा दिया था और अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी थी। 

पार्टी पर साधा था निशाना

वहीं कांग्रेस के कार्रवाई पर कटाक्ष करते हुए बीते दिन निरुपम ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा था कि, ‘‘गंभीर वित्तीय संकट का सामना कर रही पार्टी मेरे लिए कागज-कलम और ऊर्जा बर्बाद ना करे। इसका इस्तेमाल पार्टी को बचाने के लिए होना चाहिए। मैंने पार्टी को जो समयसीमा दी थी वह आज खत्म हो रही है। मैं कल अपने अगले कदम के बारे में बताऊंगा।’’

सीट शेयरिंग को लेकर थे नाराज

बता दें कि, मुंबई में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) द्वारा मुंबई की छह लोकसभा सीट में से मुंबई उत्तर-पश्चिम सीट समेत चार के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा के बाद निरुपम ने कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि, मुंबई में एकतरफा उम्मीदवार उतारने के शिवसेना (यूबीटी) के फैसले को स्वीकार करना कांग्रेस को बर्बाद करने की अनुमति देने के समान है।

कौन है संजय निरुपम

संजय निरुपम वर्तमान में कांग्रेस नेता थे। इसके पहले एक समय शिवसेना में भी रह चुके हैं। उन्होंने 2005 में शिवसेना छोड़ दी थी। उन्होंने उत्तर भारतीय फेरीवालों का मुद्दा उठाया था और बाद में कांग्रेस में शामिल हो गए थे। वर्ष 2009 के चुनाव में, उन्होंने मुंबई उत्तर सीट से जीत हासिल की थी। निरुपम दो बार राज्यसभा के भी सांसद रहे। पहले शिवसेना के सदस्य के रूप में और फिर कांग्रेस पार्टी के सदस्य के रूप में। उन्होंने 2009 से 2014 तक उत्तर मुंबई लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।