BIHAR NEWS: महिला प्रौद्योगिकी संस्थान पहुंची प्लुरल्स अध्यक्ष पुष्पम, संस्थान की समस्याओं पर की चर्चा, मैथिली में भी पढ़ाई कराने की मांग की

DARBHANGA: महिला प्रौद्योगिकी संस्थान दरभंगा को देश के पहले महिला भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान के रूप में विकसित करके ‘इंस्टिट्यूट ऑफ एमिनेंस’ बनाया जाए। मैथिली भाषा में इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी होनी चाहिए। यह बातें प्लुरल्स पार्टी की अध्यक्ष पुष्पम प्रिया चौधरी ने WIT के दौरे के बाद कही। पुष्पम प्रिया चौधरी ने संस्थान के निदेशक यू.के. दास और छात्राओं से मुलाकात करके संस्थान के समस्याओं के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस संस्थान में गांवों और समाज के हर समुदाय की बच्चियां पढ़ने आती हैं। उनके माता-पिता इसे सुरक्षित जगह मानते हैं।
पुष्पम प्रिया चौधरी ने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा कि यह तो एक अवसर है, मिथिला और बिहार के लिए, इसे देश का पहला महिला आईआईटी बनाया जाए। इससे संसाधन की कमी भी दूर होगी और कलाम सहित महिलाओं का सम्मान होगा। उन्होंने यह कहा कि मैथिली भाषा में भी यहां इंजीनियरिंग की पढ़ाई होनी चाहिए ताकि भाषा का तकनीकी विकास हो सके। उन्होंने कहा कि 'एक तरफ नीतीश कुमार की सरकार दावे तो करती है कि वो महिला शिक्षा और उनके सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध ,है परंतु वास्तविकता इसके विपरीत है'. एक तरफ इंजीनियरिंग कॉलेजों में महिलाओं को 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने की बात की जा रही है। दूसरी तरफ महिलाओं के इंजीनियरिंग की पढ़ाई हेतु शैक्षणिक संस्थानों पर हमला किया जा रहा है। महिला प्रौद्योगिकी संस्थान के मूल स्वरूप के साथ छेड़छाड़ करना यह बताता है कि नीतीश कुमार की बोलने की नीति कुछ है और करने की नीति कुछ है। हर तकनीकी विभाग में इंजीनियर के पद ख़ाली हैं। यहां से 100 प्रतिशत कैंपस सेलेक्शन हो।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और मिथिला के प्रसिद्ध वैज्ञानिक डॉ. मानस बिहारी वर्मा द्वारा मिथिला क्षेत्र के प्रत्येक गांव से एक छात्रा को इंजीनियर बनाने के संकल्प और परिकल्पना के साथ महिला प्रौद्योगिकी शिक्षण संस्थान की स्थापना की गई थी, परंतु इसके मूल स्वरूप से छेड़छाड़ किया जा रहा है जो सरकारी की दोहरी नीति को बताता है। पूरे बिहार में एकमात्र महिला प्रौद्योगिकी संस्थान है। इसकी मौलिकता में परिवर्तन करने नहीं दिया जाएगा। प्लुरल्स पार्टी के अध्यक्ष के इस दौरे में पार्टी के महासचिव श्री अनुपम सुमन, प्रेस सचिव मुकेश कुमार, जिला संगठन प्रभारी विक्रम झा, दरभंगा नगर अध्यक्ष शमशीर आलम, जिला प्रवक्ता गोपाल राय, सीमा रानी उपस्थित रहे।