Bihar News : शराब तस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, कटिहार में फिल्मी अंदाज में खदेड़कर किया कार जब्त, गया में बीयर-शराब की खेप संग तस्कर गिरफ्तार

Bihar News : बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कटिहार और गया जिलों में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

Bihar News : शराब तस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, कटिहार में
शराब तस्करों पर शिकंजा - फोटो : SHYAM

KATIHAR : कटिहार कुरसेला थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ कुरसेला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि एक वाहन में शराब की खेप लेकर तस्कर पूर्णिया की ओर से NH-31 के रास्ते नवगछिया की तरफ जा रहे हैं। सूचना मिलते ही कुरसेला पुलिस हरकत में आई और संभावित रास्तों पर बैरिकेडिंग कर वाहन की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान शराब से लदा संदिग्ध वाहन तेज रफ्तार में पूर्णिया की ओर से कुरसेला की तरफ पहुंचा। बताया जा रहा है कि NH-31 स्थित लालमुनी धर्मकांटा के पास वाहन ने एक टोटो को टक्कर मार दी और चालक वाहन को लेकर नवगछिया की ओर भागने लगा। पुलिस ने पीछा करते हुए भागलपुर-कटिहार सीमा के पास भी बैरिकेडिंग कर दी। पुलिस की घेराबंदी देखकर शराब तस्करों ने वाहन को वापस कुरसेला की ओर मोड़ लिया। इसके बाद तस्करों ने कुरसेला चौक से फारबिसगंज जाने वाली SH-77 सड़क के रास्ते भागने की कोशिश की। लेकिन कुरसेला पुलिस ने पीछा जारी रखा और आखिरकार बलथी महेशपुर के पास वाहन को पकड़ लिया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान चालक और उपचालक मौके से फरार होने में सफल रहे।

पुलिस ने वाहन BR 08 R 6037  की तलाशी लेकर उसमें लदी 1877 पीस फ्रूटी ऑफिसर चॉइस ब्रांड शराब की खेप बरामद कर ली है। पुलिस फरार चालक और उपचालक की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी है। साथ ही पूरे मामले की जांच की जा रही है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। कुरसेला पुलिस की तत्परता से शराब तस्करों की कोशिश नाकाम हो गई और शराब से लदी गाड़ी को जब्त कर लिया गया। 

वहीँ गयाजी में अवैध शराब और बीयर के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। डोभी थाना क्षेत्र के खैरा इलाके में छापेमारी के दौरान पुलिस ने अवैध बीयर और विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस के अनुसार, अवैध बीयर परिवहन के मामले में मारुति सुजुकी कार संख्या BR-10V-7821 को जब्त किया गया। वहीं, होंडा साइन मोटरसाइकिल संख्या BR-02U-3824 से अवैध विदेशी शराब और बीयर के परिवहन के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार युवक की पहचान 19 वर्षीय दिलीप कुमार, पिता कृष्ण यादव, निवासी गणेश चक, थाना बाराचट्टी, जिला गया के रूप में हुई है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 276 लीटर 750 मिलीलीटर अवैध बीयर और विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे अनुसंधान जारी है, और अनुसंधान पूरा होने के बाद आरोपी के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित किया जाएगा। गया पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

कटिहार से श्याम और गया से मनोज की रिपोर्ट