BIHAR NEWS: सामुदायिक किचन की हुई शुरुआत, कोरोना संक्रमित मरीजों के परिजनों को होगा लाभ

औरंगाबाद: देश भर में कोरोना का कहर जारी है। लगातार कोरोना लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। सरकार इससे निपटने के लिए हर संभव प्रयास करने में जुटी हुई है। बिहार में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए लॉकडाउन लगाया गया है। कोरोना में सरकार की ओर से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक किचन बनाया गया है ताकि मरीजों को कोई दिक्कत न हो।
इसी क्रम में जिले के रफीगंज प्रखंड मुख्यालय में सामुदायिक किचन तैयार किया गया है। इसे औरंगाबाद डीएम सौरभ जोरवाल और रफीगंज प्रखंड मुख्यालय में सीओ अवधेश कुमार सिंह की निगरानी में शुरु किया गया। किचन में मजदूरों व जरूरतमंद लोगों के लिए निशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जायेगा। इस बारे में अंचल अधिकारी अवधेश कुमार ने बताया कि आपदा प्रबंधन के तहत बिहार सरकार द्वारा निशुल्क सामुदायिक किचन पूरे जिले में संचालित की गई है। रफीगंज प्रखंड मुख्यालय में भी सुबह 10 बजे से दिन में दो बजे तक और शाम छह से नौ बजे तक भोजन कराया जाएगा।
किचन के प्रभारी राजस्व कर्मचारी ने बताया कि अब तक प्रखंड मुख्यालय में पांच तारीख से हजारों असहाय लोग आकर भोजन कर चुके हैं। अब शुक्रवार से मुख्यालय में इसकी व्यवस्था की गयी है। पहले असहाय, गरीब को घूम घूम कर खाना वितरण किया जाता था लेकिन अब यहां लोगों खाना खिलाया जायेगा, साथ ही कोरोना के गाइडलाइन के नियम का भी पालन किया जा रहा है। किचन में सोशल डिस्टेंसिंग का भी ख्याल रखा गया है।