पीएम मोदी के जन्मदिन पर हुआ रक्तदान, सीएम सम्राट बोले- 176 वर्षों तक भारत की सेवा करते रहें प्रधानमंत्री

सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गरीबों के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली की सुविधा, गरीबों को खाद्यान्न, स्वास्थ्य सेवाओं और शौचालय जैसी योजनाओं का जिक्र किया।

 Samrat Chaudhary on PM Modi
Samrat Chaudhary on PM Modi- फोटो : news4nation

Bihar News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर बीजेपी युवा मोर्चा की ओर से रक्तदान समेत कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और देश के विकास में उनके योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि पीएम मोदी के जीवन में लगातार भारत का निर्माण और विकास दिखाई देता है।


सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गरीबों के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली की सुविधा, गरीबों को खाद्यान्न, स्वास्थ्य सेवाओं और शौचालय जैसी योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जनकल्याणकारी कार्यों के साथ-साथ भारत के आर्थिक विकास को भी गति देने का काम किया है। सम्राट चौधरी ने कहा कि आजादी के बाद अगर किसी नेता ने सबसे अधिक जनकल्याण का काम किया है, तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि पीएम मोदी 76 वर्ष नहीं, बल्कि 176 वर्षों तक भारत की सेवा करते रहें। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।


‘नए भारत के शिल्पकार’ को शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक अन्य वीडियो संदेश के माध्यम से भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री को ‘नए भारत का शिल्पकार’ बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र और देशसेवा के लिए समर्पित किया है। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “नए भारत के शिल्पकार को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। विश्वकर्मा पूजा के पावन अवसर पर सभी बिहारवासियों को भी हार्दिक शुभकामनाएं।” मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के दीर्घ राष्ट्रसेवा के सफर को नमन करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।


17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में बिहार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत राज्य में विभिन्न जनकल्याणकारी और सेवा से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत सभी प्रखंडों और विधानसभा क्षेत्रों में ‘सरकार आपके द्वार’ समाधान शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।


मार्च 2027 तक चलेगा ‘कायाकल्प अभियान’

सम्राट चौधरी ने कहा कि मार्च 2027 तक ‘कायाकल्प अभियान’ के माध्यम से विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी। इसके साथ ही स्वच्छता, सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता और उनकी पहुंच को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन अभियानों का उद्देश्य विकास कार्यों को गति देना और आम लोगों तक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की पहुंच को बेहतर बनाना है।


‘एक दीप जलाकर संकल्प को मजबूत करें’

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहारवासियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर एक दीप जलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आइए, आज एक दीप जलाकर नए भारत के शिल्पकार के स्वस्थ एवं सफल जीवन तथा विकसित भारत-समृद्ध बिहार के संकल्प को और मजबूत करें।

नरोत्तम की रिपोर्ट