BREAKING : भाजपा ने घोषित किए एमएलसी उम्मीदवार, शाहनवाज हुसैन का कटा टिकट, ये तीनों बने कैंडिडेट

पटना. भाजपा ने शनिवार को बिहार में एमएलसी चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित किए. विधान परिषद के लिए मंगल पाण्डेय,  डॉ लाल मोहन गुप्ता और अनामिका सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है. मौजूदा एमएलसी शाहनवाज हुसैन का पार्टी ने टिकट नहीं दिया है. माना जा रहा है कि हुसैन को लोकसभा चुनाव में उतारा जा सकता है. 21 मार्च को होने वाले बिहार विधान परिषद चुनाव में 11 सीटों पर चुनाव होना है. 

मंगल पाण्डेय को लगातार तीसरी बार पार्टी ने एमएलसी बनाने पर मुहर लगाई है. वे पूर्व में बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे चुके हैं. साथ ही बिहार भाजपा के अध्यक्ष के रूप में ही मंगल पाण्डेय ने सेवाएं दी थी. अब उन्हें पार्टी ने एक बार फिर से एमएलसी बनाने का फैसला लिया है. वहीं डॉ लाल मोहन गुप्ता भी लम्बे अरसे से पार्टी के लिए विभिन्न पदों पर काम करते रहे हैं. इस बारपार्टी उन्हें एमएलसी का टिकट देकर विधान परिषद भेजने पर मुहर लगाई है. इसी तरह अनामिका सिंह पार्टी की ओर से महिला उम्मीदवार हैं. भाजपा के लिए महिला प्रकोष्ठ के विभिन्न पदों को संभाल चुकी अनामिका सिंह पहली बार एमएलसी बनने जा रही है. तीनों नामों की घोषणा भाजपा के केंद्रीय कार्यालय द्वारा जारी उम्मीदवारों की सूची में की गई. 

बिहार में रिक्त की हो रही एमएलसी की 11 सीटों पर 21 मार्च को चुनाव होना है.बिहार विधानसभा में विधायकों की दलीय स्थिति देखें तो बीजेपी के 78 (कांग्रेस के दो बागी और राजद के 2 बागी विधायक भी बीजेपी के साथ जिससे कुल 82 विधायक भाजपा के होते हैं), जेडीयू के 45, 'हम' के चार और एक निर्दलीय विधायक के वोट हैं. विपक्ष की बात करें तो आरजेडी के पास 74, कांग्रेस के 17, वाम दल के 16 एमएल हैं. जबकि एआईएमआईएम के 1 एमएल हैं. ऐसे में एक एमएलसी सीट जीतने के लिए 21 विधायकों का समर्थन चाहिए. मौजूदा संख्या बल के हिसाब से एनडीए के पास 132 विधायकों का समर्थन है. वहीं विपक्षी खेमे को 107 विधायक महागठबंधन के हैं. संख्या बल के हिसाब से भाजपा के 3, जदयू के 2 और हम के 1 एमएलसी बनेंगे जबकि राजद के चार और वाम दल के एक एमएलसी होंगे.

इसके अलावा राष्ट्रीय जनता दल ने शुक्रवार को एमएलसी चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित किए. राजद की ओर से विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी और वरिष्ठ पार्टी  नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी को उम्मीदवार बनाया गया है. इसके साथ ही दो अन्य उम्मीदवारों में राजद प्रवक्ता उर्मिला ठाकुर और सैयद फैसल अली के नाम शामिल हैं. महागठबंधन की ओर से भाकपा (माले) की शशि यादव भी उम्मीदवार हैं. वहीं जदयू से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अनवर ने पहले ही नामांकन कर दिया है. साथ ही हम के संतोष सुमन भी एमएलसी उम्मीदवार हैं और उन्हें एनडीए का समर्थन है.